सिवनीः कुरई पुलिस ने फोन पे क्लोन ऐप से साइबर फ्रॉड करने वाले दो आरोपित भेजे जेल

फोन पे के क्लोन एप्प के माध्यम से नकली मेजेस दिखाकर करते थे धोखाधडी
सिवनी, 04 दिसंबर(Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के सिवनी जिले की कुरई थाना पुलिस ने क्यूआर कोड और फोनपे के क्लोन ऐप के जरिए नकली पेमेंट मैसेज दिखाकर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर गुरूवार को जेल भेज दिया है।
एसडीओपी बरघाट ललित गठरे ने गुरूवार को जानकारी दी कि ग्राम सुकतरा निवासी अहमद (73) सईद ने कुरई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पेट्रोल पंप पर दो युवक आए और 10,000 रुपये कैश लेकर फोन पे से भुगतान करने की बात कही। एक युवक ने मोबाइल में नकली पेमेंट मैसेज दिखाकर वहां से निकल गया। जब राशि खाते में नहीं आई तो कुरई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया। कुरई पुलिस ने इस मामले अपराध क्रमांक 541/25, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।
विवेचना के दौरान संदिग्ध आरोपित विकास(21) पुत्र धनराज देशभरतार एवं उसके एक अन्य साथी, दोनों निवासी जीरेवाड़ा, से पूछताछ की गई जिस पर दोनों ने फोनपे के क्लोन ऐप के जरिए नकली भुगतान संदेश’ दिखाकर नकद व पेट्रोल लेकर धोखाधड़ी कर अपराध करना स्वीकार किया। जिस पर पुलिस ने दोनो आरोपितों को गिरफ्तार कर जिला न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
(Udaipur Kiran) / रवि सनोदिया



