Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

सिवनीः द्वारकाधीश मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 21 दिसंबर से, तैयारियों को लेकर हुई बैठक

Seoni: Dwarkadhish Temple Pran Pratishtha Mahotsav from 21st to 26th February,

सिवनी, 15 दिसंबर(Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के सीलादेही ग्राम स्थित शंकराचार्य आश्रम परिसर में आगामी 21 से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाले द्वारकाधीश मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को एक निर्णायक एवं उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य इस भव्य धार्मिक आयोजन को सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा।

कार्यक्रम संयोजक ब्रह्मचारी ब्रह्मविद्यानंद ने जानकारी देते हुए बताया कि यह द्वारकाधीश मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह पूज्य ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद महाराज की पुण्य जन्मभूमि पर आयोजित होकर उन्हीं को समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि आयोजन की भव्यता और दिव्यता इसे ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करेगी।

बैठक में आयोजन से संबंधित प्रमुख एवं आंतरिक समितियों का गठन किया गया तथा कार्यक्रम के दौरान संभावित चुनौतियों पर गंभीर विचार-विमर्श करते हुए उनके समयबद्ध समाधान पर सहमति बनी। पूज्य शंकराचार्य स्वामी सदानंद महाराज के पावन मार्गदर्शन में आयोजन की गरिमा, अनुशासन एवं सुचारु संचालन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।

आयोजन समिति ने बताया कि यह समारोह भव्य, दिव्य एवं विराट स्तर पर आयोजित होगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से संत-महात्मा, धर्माचार्य एवं अनेक विशिष्ट अतिथियों की सहभागिता रहेगी। आयोजन के लिए आवास, भोजन, यातायात, सुरक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं।

बैठक में प्राण प्रतिष्ठा समारोह की संपूर्ण रूपरेखा तय करने, आचार्यों के निर्देशानुसार धार्मिक एवं सांस्कृतिक दायित्वों के निर्धारण तथा समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी संपर्क एवं प्रचार अभियान पर विशेष चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, गुरुभाइयों एवं बहनों ने अपने-अपने सुझाव रखते हुए इस पावन आयोजन को भव्य, सफल एवं अविस्मरणीय बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता सिवनी विधायक दिनेश राय ने की। इस अवसर पर पूज्य शंकराचार्य स्वामी सदानंद जी सरस्वती महाराज के प्रतिनिधि एवं कार्यक्रम संयोजक ब्रह्मचारी ब्रह्मविद्यानंद जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में जिले के अनेक प्रमुख धर्मप्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आयोजन से जुड़े वरिष्ठ नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

(Udaipur Kiran) / रवि सनोदिया

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *