Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

बहुउद्देशीय शिविर में एक ही स्थान पर मिलीं 23 विभागों की सेवाएं

बहुद्देशीय शिविर के दौरान जनता की समस्या सुनते जिलाधिकारी
बहुद्देशीय शिविर के दौरान जनता की समस्या सुनते जिलाधिकारी

चंपावत, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविरों की श्रृंखला का शुभारंभ बुधवार को तहसील चम्पावत के सिमल्टा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय मैदान से हुआ। पहले ही दिन आयोजित शिविर में 500 से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का सीधा लाभ मिला, जबकि 100 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

शिविर में श्रम, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, डेयरी, कृषि, समाज कल्याण, वन, राजस्व, सहकारिता, बैंकिंग, आयुष, होम्योपैथी, मत्स्य, सेवायोजन एवं आपदा प्रबंधन सहित अनेक विभागों ने सहभागिता की। चिकित्सा विभाग से 100 से अधिक, आयुष से 80, डेयरी से 70, पशुपालन से 56 तथा होम्योपैथी से 57 लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अलावा शिविर में आधार कार्ड निर्माण सहित अन्य आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अंतर्गत पंजीकरण की सुविधा भी ग्रामीणों को दी गई।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शिविर के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की पहल पर बालिका जन्मोत्सव मनाते हुए नन्ही बालिकाओं के साथ केक काटा गया, वहीं कृषि विभाग के सहयोग से ग्रामीणों को कृषि यंत्र भी वितरित किए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों को “मेरी योजना पुस्तक” की उपयोगिता से अवगत कराते हुए कहा कि इसके माध्यम से नागरिक विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी सरलता से प्राप्त कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह अभियान 17 दिसंबर से 30 जनवरी 2026 तक जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं न्याय पंचायतों में संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, विभिन्न ग्राम प्रधान, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / राजीव मुरारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *