Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

एसजी पाइपर्स की कोच सोफी गिर्ट्स ने युवा भारतीय खिलाड़ियों की निडरता और प्रतिभा की सराहना की

एसजी पाइपर्स की मुख्य कोच सोफी गिर्ट्स

रांची, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । एसजी पाइपर्स की हेड कोच सोफी गिर्ट्स ने अपनी टीम में शामिल युवा भारतीय खिलाड़ियों की गुणवत्ता और निडर खेल भावना की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की स्वाभाविक प्रतिभा और बेखौफ मानसिकता टीम की शुरुआती तैयारियों के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है।

प्रशिक्षण सत्रों के शुरुआती दिनों को लेकर सोफी ने उभरती हुई खिलाड़ियों इशिका और सुनेलिता टोप्पो का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इन खिलाड़ियों ने अपने आत्मविश्वास और सहज, अभिव्यक्तिपूर्ण खेल से बहुत जल्दी अपनी अलग पहचान बना ली है।

सोफी ने कहा, “ये खिलाड़ी बिना किसी डर के खेलते हैं। तकनीक मौजूद है, स्वाभाविक समझ मौजूद है और सबसे अहम बात यह है कि वे कुछ नया आज़माने से नहीं घबराते। यह वाकई बहुत खास है।”

एक दशक से अधिक समय तक बेल्जियम का प्रतिनिधित्व कर चुकीं पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सोफी गिर्ट्स उन चुनिंदा महिला कोचों में शामिल हैं, जिन्होंने शीर्ष स्तर पर पुरुष टीम को भी कोचिंग दी है। उनका मानना है कि भारतीय खिलाड़ी हॉकी में अपनी एक अलग पहचान लेकर आते हैं।

उन्होंने कहा,“उनके खेल में एक स्वाभाविकता और रचनात्मकता है। आप इसे खत्म नहीं करना चाहते, बल्कि इसके चारों ओर सही ढांचा बनाना चाहते हैं ताकि वे इन क्षमताओं को लगातार उच्चतम स्तर पर दोहरा सकें।”

हालांकि फिलहाल टीम के भीतर सामूहिक तालमेल विकसित करना प्राथमिकता है, लेकिन सोफी को खिलाड़ियों की दीर्घकालिक क्षमता पर पूरा भरोसा है।

उन्होंने कहा,“अगर इन खिलाड़ियों को सही माहौल, सही समर्थन और समय मिले, तो ये बहुत आगे तक जा सकते हैं।”

तैयारियों के दौरान एसजी पाइपर्स का कोचिंग स्टाफ युवा ऊर्जा और अंतरराष्ट्रीय अनुभव के बीच संतुलन बनाने पर काम कर रहा है। टीम 28 दिसंबर को रांची रॉयल्स के खिलाफ अपने सत्र का आगाज़ करेगी। इस मुकाबले के लिए टीम में भारतीय प्रतिभाओं, अंतरराष्ट्रीय सितारों और ओलंपिक पदक विजेताओं का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *