Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

हॉकी इंडिया लीग सीजन-2 के लिए एसजी पाइपर्स की टीम घोषित, नवनीत कौर और जर्मनप्रीत सिंह होंगे कप्तान

नवनीत कौर और जर्मनप्रीत सिंह

नई दिल्ली, 03 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हीरो हॉकी इंडिया लीग के सीजन 2 के लिए एसजी पाइपर्स ने अपनी कप्तानी और नेतृत्व समूह की घोषणा कर दी है। महिला टीम की कमान एक बार फिर भारतीय स्टार फॉरवर्ड नवनीत कौर संभालेंगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी खिलाड़ी केटलिन नॉब्स को उपकप्तान बनाया गया है।

पुरुष टीम में भारतीय डिफेंडर और ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट जर्मनप्रीत सिंह को कप्तान चुना गया है, जबकि ऑस्ट्रेलियाई मिडफील्डर काई विलॉट को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पिछले सीजन में जर्मनप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया था और एशिया कप 2025 में उनकी अहम भूमिका ने उन्हें कप्तानी के लिए उपयुक्त विकल्प बनाया। वहीं काई विलॉट ने अपने अनुभव, फिटनेस और मैच पर नियंत्रण की क्षमता से टीम मैनेजमेंट को प्रभावित किया। हाल ही में उन्होंने हॉकी क्लब मेलबर्न को हॉकी वन लीग का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

महिला टीम में नवनीत कौर के नेतृत्व में पिछले सीजन प्रभावी प्रदर्शन देखने को मिला था। अब उनके साथ उपकप्तान बनीं ऑस्ट्रेलिया की केटलिन नॉब्स टीम की डिफेंस और रणनीति को मजबूती देंगी। नॉब्स ने पर्थ थंडरस्टिक्स के साथ 2025 हॉकी वन फाइनल का खिताब जीता था।

पुरुष टीम के मुख्य कोच टिम ओउडेनालर ने कहा,“जर्मनप्रीत अनुभव और समर्पण के साथ टीम को उच्चतम स्तर तक ले जाएंगे। काई विलॉट अपनी परिपक्वता और कौशल से टीम को मजबूत दिशा देंगे। पूरी टीम जल्द ही भारत में इकट्ठा होगी और हम बेहतरीन परिणामों के लिए तैयार हैं।”

महिला टीम की मुख्य कोच सोफी गिर्ट्स ने कहा, “नवनीत वह नेतृत्व मूल्य दिखाती हैं जो हम टीम में देखना चाहते हैं। केटलिन नॉब्स का शांत स्वभाव और अंतरराष्ट्रीय अनुभव टीम को संतुलन देगा। हमारी वैश्विक विविधता इस सीजन हमारी सबसे बड़ी ताकत होगी।”

कप्तान जर्मनप्रीत सिंह ने कहा, “इस मौके के लिए मैं मैनेजमेंट और कोचिंग स्टाफ का धन्यवाद करता हूं। हमारी टीम युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण है और हम इस बार खिताब जीतने के लिए तैयार हैं।”

महिला टीम की कप्तान नवनीत कौर ने कहा, “एक बार फिर मुझ पर भरोसा जताने के लिए एसजी पाइपर्स का धन्यवाद। हमने पिछले सीजन की कमियों को ध्यान में रखते हुए सोफी और हेलेन मैरी के साथ मिलकर रणनीति बनाई है। इस बार हमारा प्रदर्शन और भी बेहतर होगा।”

28 दिसंबर से महिला लीग और 3 जनवरी से पुरुष लीग की शुरुआत होगी। एसजी पाइपर्स ने इस बार अपनी टीम में बड़े बदलाव करते हुए महत्वपूर्ण खिलाड़ियों को शामिल किया है। पुरुष टीम ने पिछले सीजन के खिताबी कप्तान रूपिंदर पाल सिंह के साथ डिफेंस मजबूत किया है, वहीं महिला टीम में उदिता की एंट्री से स्क्वॉड में गहराई आई है।

इस बार के मिनी ऑक्शन में डायरेक्टर ऑफ हॉकी श्रीजेेश पी.आर., कोचिंग स्टाफ और सीनियर खिलाड़ियों ने मिलकर ऐसी टीम तैयार की है जो इस सीजन हीरो हॉकी इंडिया लीग का खिताब जीतने का दम रखती है।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *