
मीरजापुर, 13 नवंबर (Udaipur Kiran) . दिल्ली में हुए भीषण बम विस्फोट में मृतकों की आत्मा की शांति और समाज में अमन-चैन की स्थापना के लिए गुरुवार को विंध्यवासिनी मंदिर के निकास द्वार पर विशेष हवन एवं शांति पाठ का आयोजन किया गया. इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन धाम के पुरोहितों द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.
हवन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच दिवंगत आत्माओं की मोक्ष प्राप्ति और घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई. श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की. पंडा समाज के सदस्यों ने कहा कि इस प्रकार की आतंकी घटनाएं मानवता पर कलंक हैं, जिनका जवाब समाज को एकता, प्रेम और शांति के संदेश से देना चाहिए. कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की.
कार्यक्रम में श्रीविंध्य पंडा समाज के पूर्व मंत्री अवनीश मिश्र, अर्जुन मिश्र, स्पर्श त्रिपाठी, चिराग शुक्ला, आशीष उपाध्याय, दिनेश दीक्षित सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता व पंडा समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा
