Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

जैसलमेर हादसे पर शेखावत ने जताया गहरा दु:ख, बोले- पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली घटना

jodhpur

जोधपुर, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जैसलमेर-जोधपुर के बीच बस में आग लगने की भीषण दुर्घटना पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। शेखावत ने कहा कि यह पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली घटना है।

बुधवार को उदयपुर में मीडिया से बातचीत में शेखावत ने बताया कि हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में से 16 लोगों को जोधपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया था।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने भी हादसे की जानकारी मिलते ही संवेदना व्यक्त की और प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की।

शेखावत ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मंगलवार को ही जोधपुर और जैसलमेर पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और अस्पताल प्रशासन को सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शेखावत ने कहा कि पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर देने वाली इस घटना के कारणों की प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। मृतकों की पहचान का कार्य जारी है।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *