Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

श्योपुर: खाद के लिए घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटे किसान

खाद के लिये बायपास रोड पर विपणन सहकारी संस्था केन्द्र के बाहर लगी किसानों की भीड।

श्योपुर, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्‍य प्रदेश के श्योपुर में खाद वितरण को लेकर किसानों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। सोमवार सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान खाद लेने के लिए वितरण केंद्रों पर लाइन में लगे रहे, लेकिन दिनभर इंतजार के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल सकी। विभाग द्वारा केवल टोकन ही वितरित किए गए। जानकारी के अनुसार, एक ही दिन में करीब 1500 किसानों को टोकन बांटे गए हैं।

किसानों का कहना है कि इस समय फसलों को पानी देने के लिए खाद की सख्त जरूरत है। खाद समय पर नहीं मिलने से फसल खराब होने की आशंका बढ़ गई है। कई किसानों ने बताया कि वे पांच-पांच घंटे तक लाइन में लगे रहे, लेकिन अंत में सिर्फ टोकन थमा दिया गया। किसानों की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि खाद मिलने की कोई तय तारीख उन्हें नहीं बताई गई है।

इस पूरे मामले पर जिला विपणन अधिकारी (DMO) सत्येंद्र सिंह ने बताया कि किसानों को टोकन वितरित किए जा चुके हैं और शीघ्र ही चार से पांच दिनों के भीतर खाद उपलब्ध करा दी जाएगी। विभाग का यह भी कहना है कि पूर्व में ही स्पष्ट कर दिया गया था कि 15 दिसंबर को केवल टोकन ही दिए जाएंगे।

हालांकि, किसानों का कहना है कि टोकन से उनकी तत्काल जरूरत पूरी नहीं हो सकती। खाद में देरी होने से खेतों की सिंचाई और फसल की बढ़वार प्रभावित हो रही है। ऐसे में किसान जल्द से जल्द वास्तविक खाद वितरण शुरू करने की मांग कर रहे हैं, ताकि उनकी फसल सुरक्षित रह सके।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रशांत वैष्‍णव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *