Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

शिमला : फ़र्ज़ी अफसर बनकर दुकानदार से वसूली, ले गए मुफ्त मिठाई, सीसीटीवी में कैद

Crime

शिमला, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिला शिमला में फ़र्ज़ी सरकारी अफसर बनकर दुकानदार को डराने-धमकाने, मुफ्त सामान उठाने और पैसे ऐंठने का एक मामला सामने आया है। शराब के नशे में दो व्यक्ति दुकान में घुसे, खुद को डीएसपी और फूड इंस्पेक्टर बताया और जुर्माने के नाम पर रकम मांगने लगे। जब दुकानदार ने विरोध किया तो उसे जान से मारने और दुकान को आग लगाने तक की धमकी दी गई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

यह मामला शिमला जिले के चौपाल पुलिस थाना क्षेत्र से जुड़ा है। झिकनीपुल, तहसील चौपाल निवासी दुकानदार सुमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 दिसंबर की शाम करीब 8 से 9 बजे के बीच शिशु शर्मा और विक्की नाम के दो युवक उसकी दुकान पर आए। शिकायत के अनुसार दोनों युवक शराब के नशे में थे और दुकान में आते ही अभद्र व्यवहार करने लगे।

दुकानदार का आरोप है कि आरोपियों ने खुद को डीएसपी और फूड इंस्पेक्टर बताते हुए डर का माहौल बनाया। इसके बाद उन्होंने बिना भुगतान किए करीब तीन किलोग्राम मिठाई उठा ली। इतना ही नहीं, उन्होंने 5,000 रुपये को जुर्माना बताते हुए मांगे और बाद में ₹

50,000 रुपये देने का दबाव भी बनाया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने और दुकान को आग लगाने की धमकी दी। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इसकी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना चौपाल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 204, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *