Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

शिमला : हरियाणा रोडवेज बस की चपेट में आने से दुकानदार की मौत

Road Accident

शिमला, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा रोडवेज की बस की चपेट में आने से 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक नाई की दुकान चलाता था औऱ काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी बीच बस के पिछले टायर के नीचे आने से वह बुरी तरह जख्मी हो गया और उसे आईजीएमसी ले जाया गया। जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया।

ये हादसा सोमवार रात शिमला से सटे फागु क्षेत्र में सामने आया, जब हरियाणा रोडवेज की बस ठियोग की ओर जा रही थी। इसी दौरान सरफराज पुत्र बकील अहमद, निवासी दाबकी, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), जो फागु में नाई की दुकान चलाता था, बस को रोकने की कोशिश कर रहा था। शिकायत के अनुसार बस चालक ने वाहन नहीं रोका, जिसके बाद सरफराज बस के पीछे दौड़ने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर बस के पिछले टायर के नीचे आ गया। हादसे में उसकी दोनों टांगें बुरी तरह कुचल गईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल सरफराज को आईआईएमसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना ठियोग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस को दी गई शिकायत में मुस्तफा पुत्र मुस्तकीन, निवासी बाबूपुरा, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) ने बताया कि वह पेशे से वेल्डर है और मृतक सरफराज को जानता था। मुस्तफा के बयान पर ठियोग पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1) के तहत दर्ज किया है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। शव का आईजीएमसी में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *