Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

एडीडीए की जमीन पर अतिक्रमण मुक्त कराने का दुकानदारों ने किया विरोध, महिलाएं भी उतरी सडकों पर

प्रदर्शन करते दुकानदार

आसनसोल, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । आसनसोल दुर्गापुर डेवलपमेंट बोर्ड या अड्डा की ज़मीन पर बनी गैर-कानूनी दुकानों को हटाने को लेकर दुर्गापुर में तनाव बढ़ गया है। मंगलवार को दुर्गापुर जंक्शन शॉपिंग मॉल के बगल में आसनसोल दुर्गापुर डेवलपमेंट बोर्ड की ज़मीन पर कब्ज़ा हटाने की मुहिम शुरू हुई तो दुकानदारों ने विरोध किया। यह प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। बुधवार को स्थानीय महिलाओं की अगुवाई में ज़ोरदार विरोध किया गया।

स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि हर महीने हर किसी से पांच हज़ार रुपये लिए जाते थे। साथ ही तृणमूल कांग्रेस के निलम्बित नेता देबांग्शु रॉय का नाम रंगदारी के आरोपों से जुड़ गया है। दुकानों को हटाए जाने के बाद पीड़ित दुकानदारों का सवाल है कि अगर नियमित पैसे लिए जाते थे, तो दुकानें किसके आदेश पर तोड़ी गईं?

इलाके की एक दुकानदार अंकिता बनर्जी फूट-फूट कर रो पड़ीं और शिकायत की कि महीने-दर-महीने पैसे लेने के बावजूद अचानक दुकानें हटाए जाने से वे सड़कों पर आ गयी हैं। उन्होंने कहा कि अब हम कहां जाएंगे? इस बारे में ज़िला तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता उज्ज्वल मुखर्जी ने कहा कि आरोप साबित होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की जानकारी पार्टी प्रमुख को दे दी गई है। एडीडीए की ज़मीन पर कोई गैर-कानूनी दुकान है या नहीं, यह उनका मामला है। इस बारे में हमें कुछ नहीं कहना है।

हालांकि, देबांग्शु रॉय ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर लगे आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। मैंने कुछ नहीं लिया है।

—————

(Udaipur Kiran) / संतोष विश्वकर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *