Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

श्रद्धा का पर्व श्राद्ध पक्ष रविवार से शुरू, पितरों के लिए होगा तर्पण

जयपुर, 5 सितंबर (Udaipur Kiran News)। दिवंगत पितरों को श्रद्धांजलि अर्पित करने वाला श्राद्ध पक्ष इस बार रविवार से शुरू होगा। पहले दिन पूर्णिमा का श्राद्ध किया जाएगा। चंद्र ग्रहण के सूतक काल के कारण यह श्राद्ध दोपहर 12 बजे से पहले ही संपन्न किया जाएगा।

गोविंद देवजी मंदिर में विशेष आयोजन

आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में श्राद्ध पक्ष के तीनों रविवारों को पितृ तृप्ति महायज्ञ का आयोजन होगा। श्रद्धालु अपने दिवंगत पितरों की स्मृति में नि:शुल्क हवन में आहुतियां प्रदान कर सकेंगे।

7 सितंबर को सुबह 8 से 10 बजे तक श्री मन्माध्व गौड़ेश्वराचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में नि:शुल्क पितृ तृप्ति गायत्री महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। जिन श्रद्धालुओं का श्राद्ध पूर्णिमा को है, उनके पितृगणों के लिए विशेष आहुतियां दिलवाई जाएंगी। हवन की सभी सामग्री मंदिर प्रशासन द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

विशेष संस्कार और भेंट

मंदिर सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि जिन श्रद्धालुओं का जन्मदिन या विवाह दिवस 7 सितंबर को है, उनके लिए भी विशेष संस्कार हवन के साथ संपन्न कराए जाएंगे। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को युग निर्माण सत्संकल्प पत्रक और गायत्री चालीसा भेंट स्वरूप दी जाएगी।

श्राद्ध पक्ष के दौरान 14 और 21 सितंबर को भी गोविंद देवजी मंदिर में नि:शुल्क हवन का आयोजन किया जाएगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *