
कोलकाता, 13 नवंबर (Udaipur Kiran) . West Bengal विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि उन्हें पाकिस्तान से जान से मारने की धमकी मिली है. शुभेंदु का कहना है कि West Bengal आतंकवादियों का “सबसे सुरक्षित ठिकाना” बन चुका है और इसी कारण उन्हें इस तरह की धमकियां मिल रही हैं.
घटना मंगलवार की है, जब शुभेंदु अधिकारी ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. बताया गया कि उस दिन ही उन्हें यह धमकी भरा फोन आया. इस कथित धमकी की एक ऑडियो क्लिप भी सामने आई है. उसमें एक व्यक्ति हिंदी में कहता हुआ सुनाई दे रहा है, “मैं पाकिस्तान से बोल रहा हूं. ज़रा संभलकर रहिए, नहीं तो उड़ जाएंगे. भारत में कितने बीएसएफ वाले उड़ गए! आप भी उड़ जाएंगे. थोड़ा सावधान हो जाइए.”
शुभेंदु के करीबी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने इस धमकी की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी दी है.
हालांकि, जिस नंबर से यह कॉल आया, वह पाकिस्तान का नहीं था. फोन नंबर की शुरुआत +966 कोड से हो रही थी, जो सऊदी अरब का टेलिफोन कोड है. इसके बावजूद, कॉल में व्यक्ति खुद को “पाकिस्तान से बोलने वाला” बता रहा था.
भाषा और उच्चारण को सुनकर विशेषज्ञों का मानना है कि कॉल करने वाला व्यक्ति हिंदी में बहुत सहज नहीं था. उसके उच्चारण और वाक्य संरचना में स्पष्ट त्रुटियां थीं. कुछ विशेषज्ञों का अनुमान है कि कॉल करने वाला संभवतः बांग्लादेश से सऊदी अरब में काम करने वाला व्यक्ति हो सकता है, जिसने अपनी पहचान छिपाकर यह धमकी दी.
इस बारे में शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को कहा, “यह राज्य आतंकवादियों के लिए सबसे सुरक्षित जगह बन गया है. यहां कोई बड़ी वारदात नहीं होती, क्योंकि चरमपंथी ताकतें जानती हैं कि ममता बनर्जी की सरकार में यह उनका सुरक्षित ठिकाना है. और ऐसे में हमें ही थ्रेट कॉल मिलते हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे दो दिन पहले पाकिस्तान से धमकी भरा फोन आया. बांग्लादेश से तो रोज़ धमकी संदेश मिलते हैं.”
राजनीतिक हलकों में इस धमकी की खबर ने हड़कंप मचा दिया है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं.
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
