Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

कोलकाता नहीं, विधानसभा क्षेत्रों पर ध्यान दें, भाजपा विधायकों को शुभेंदु अधिकारी का निर्देश

Suvendu

कोलकाता, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने भारतीय जनता पार्टी के विधायकों को नए साल से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि अनावश्यक रूप से कोलकाता में समय बिताने से बचा जाए और क्षेत्र से जुड़कर काम किया जाए।

पार्टी सूत्रों के अनुसार शुभेंदु अधिकारी ने यह भी निर्देश दिया है कि यदि जिलों से किसी विधायक को सरकारी या संगठनात्मक काम से कोलकाता आना पड़े, तो वे सुबह राजधानी पहुंचें और काम निपटाकर उसी शाम अपने विधानसभा क्षेत्र लौट जाएं। उनका मानना है कि विधायकों की प्राथमिक जिम्मेदारी अपने क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और समाधान करना है।

मंगलवार दोपहर शुभेंदु अधिकारी विधानसभा परिसर पहुंचे और वहां मौजूद पार्टी विधायकों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि कोलकाता में अनावश्यक मौजूदगी के बजाय विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहना चाहिए।

उन्होंने जनवरी में प्रस्तावित शीतकालीन सत्र और इसके बाद फरवरी में होने वाले अंतरिम बजट सत्र के दौरान अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारी ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों से कोलकाता की रोजाना आवाजाही संभव है, वहां के विधायक सुबह विधानसभा सत्र में शामिल हों और शाम को अपने क्षेत्र लौट जाएं। केवल उन्हीं विधायकों को छूट दी जाए, जिनके क्षेत्र कोलकाता से काफी दूर हैं, खासकर उत्तर बंगाल के इलाके, जहां रोजाना आना-जाना संभव नहीं है।

एक भाजपा विधायक ने बताया कि शुभेंदु अधिकारी खुद इस मामले में उदाहरण पेश करते हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के बावजूद और राज्य भर में व्यस्त कार्यक्रमों के बीच भी वे पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम स्थित अपने विधानसभा क्षेत्र से लगातार जुड़े रहते हैं। वे समय निकालकर वहां के लोगों से मिलते हैं और उनकी समस्याएं सुनते हैं।

फिलहाल पश्चिम बंगाल विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 65 विधायक हैं। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने उस चुनाव में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दो हजार से भी कम मतों के अंतर से हराया था। इसके बाद ममता बनर्जी ने दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतकर तीसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *