सिधौली डेयरी संचालक हत्याकांड, दो गिरफ्तार

सीतापुर, 16 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । सिधौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार को गोली मारकर डेयरी संचालक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने इस जघन्य हत्याकांड में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को मंगलवार दोपहर बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। हत्या का कारण आशनाई भी माना जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सैंकी मिश्रा पुत्र स्वर्गीय रामविलास मिश्रा तथा अभिषेक यादव पुत्र फूलचन्द्र यादव शामिल हैं। दोनों अभियुक्त ग्राम संसारपुर, पोस्ट खंतारी, थाना बक्शी का तालाब, जनपद लखनऊ के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को महमूदाबाद चौराहा से लखनऊ राज्य मार्ग पर गिरफ्तार किया। अभियुक्तों की निशानदेही पर एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
गौरतलब है कि, 14 दिसम्बर 2025 को ग्राम सदरापुर मजरा हरदोइया निवासी अनुपम यादव ने थाना सिधौली में तहरीर देकर अपने भाई राहुल यादव (25) की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना दी थी। तहरीर में पुरानी रंजिश, विशेषकर कोमल नामक युवती को लेकर विवाद, हत्या का कारण बताया गया था। इसी आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र सिंह ने मंगलवार को बताया कि पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान भेज दिया है। सीओ सिधौली कपूर कुमार ने बताया कि अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma



