Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
BUSINESS

सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत में गिरावट जारी, चेन्नई में शिखर से 27 हजार रुपये तक फिसली चांदी

सर्राफा बाजार में शिखर से 27 हजार रुपये तक फिसली चांदी

– दिल्ली सर्राफा बाजार में 1 दिन में 8 हजार रुपये की गिरावट

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दिवाली और धनतेरस के पहले सर्राफा बाजार में मजबूती का लगातार नया रिकार्ड बनाने के बाद अब चांदी की कीमत में गिरावट का रुख बन गया है। पिछले कुछ दिनों के दौरान चांदी के भाव में औसतन 20,000 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।

दिल्ली में आज चांदी की कीमत एक दिन में ही 8 हजार रुपये प्रति किलोग्राम टूट कर 1,63,900 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई है। इसी तरह मुंबई, अहमदाबाद, कोलकाता, जयपुर, सूरत और पुणे में चांदी 1,62,900 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बनी हुई है। वहीं, बेंगलुरु में चांदी 1,63,900 रुपये के स्तर पर और पटना तथा भुवनेश्वर में 1,62,000 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है।

अगर चेन्नई और हैदराबाद की बात करें, तो यहां चांदी की कीमत 27 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक टूट चुकी है। 15 अक्टूबर को हैदराबाद और चेन्नई में चांदी की कीमत जोरदार छलांग लगा कर 2,07,700 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर तक पहुंच गई थी, जो अब घटकर 1,80,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है।

बुलियन मार्केट एक्सपर्ट मयंक मोहन का कहना है कि पिछले दिनों अंतरराष्ट्रीय बाजार और घरेलू सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत में आई जोरदार तेजी के बाद अब जम कर मुनाफा वसूली शुरू हो गई है। इसके साथ ही लंदन के इंटरनेशनल सिल्वर मार्केट में पिछले दो सप्ताह से जारी चांदी की सप्लाई में आई कमी भी अब काफी हद तक नियंत्रित हो चुकी है। मुनाफा वसूली और सप्लाई की स्थिति नियंत्रित होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमत में अभी तक करीब 8 प्रतिशत की गिरावट आ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत में आई बड़ी गिरावट और घरेलू सर्राफा बाजार में त्योहारी सीजन के लिए होने वाली खरीदारी का दौर खत्म हो जाने की वजह से स्थानीय बाजारों में भी चांदी की कीमत में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / योगिता पाठक

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *