Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

सिरसा: परिजनों ने चार साल की बच्ची का शव लेने से किया इंकार

आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे परिजन।

सिरसा, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सिरसा जिले के गांव रामपुरा बिश्रोइयां में चार साल की बच्ची के अपहरण के बाद हत्या किए जाने के मामले में परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया है। परिजन ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे हैं और घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। घटना के विरोधस्वरुप गुरुवार को गांव गोरीवाला का बाजार पूरी तरह बंद रहा। पुलिस व स्थानीय प्रशासन परिजनों व ग्रामीणों को शव का अंतिम संस्कार करने के लिए मनाने में जुटा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने डबवाली के एसपी व एसडीएम को रिपोर्ट सौंप दी है। पुलिस ने गांव रामपुरा बिश्रोइयां सहित आसपास के गांवों में भी नाकाबंदी कर पुलिस तैनात कर दी है।

उल्लेखनीय है कि बीते मंगलवार देर शाम को बच्ची का पड़ोस में रहने वाले परिवार के घर आए रिश्तेदार ने अपहरण कर लिया और बुधवार सुबह शव गांव की छोटी माइनर में मिला। रातभर पुलिस आरोपियों की तलाश करती रही। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो पड़ोसी के घर आया संजय नामक व्यक्ति एक अन्य के साथ बच्ची को मोटरसाइकिल पर ले जाता हुआ दिखा। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संजय को गिरफ्तार कर लिया। पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती के बाद उसने पूरी कहानी पुलिस के समक्ष उगली। ग्रामीणों व परिजनों की मांग है कि जब तक इस मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। हालांकि स्थानीय प्रशासन व पुलिस पीडि़त परिवार को मनाने में जुटा हुआ है।

उधर, ग्रामीणों के धरने में गुरुवार को जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला भी पहुंचे और घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे सरकार की नाकामी का नतीजा बताया। अजय सिंह चौटाला ने धरनास्थल पर पहुंच कर पीडि़त परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे और उनकी पार्टी परिवार के साथ है। उन्होंने सरकार से आरोपियों को सख्त से सख्त सजा की मांग करते हुए कहा कि आज प्रदेश में इस तरह की घटना आम बात हो गई है। उन्होंने कहा कि बेशक डबवाली में यह इस तरह की पहली जघन्य घटना है लेकिन प्रदेश में जुल्म और अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने किलोई में दो नौजवान के साथ हुई घटना का उदाहरण देते हुए इसे सरकार की नाकामी बताया। उन्होंने विपक्ष से भी इस घटना के आरोपियों को सख्त सजा दिलवाने के लिए इस मुद्दे को मौजूदा विधानसभा सत्र में उठाने की भी मांग की।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *