Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HARYANA

सिरसा: भारत का दृष्टिकोण विश्व कल्याण और मानवता के हित में: डॉ. चौहान

कार्यक्रम का शुभारंभ करते डा. वीरेंद्र चौहान।

सिरसा, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि भारत का दृष्टिकोण हमेशा संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए रहा है। हमने कभी अपने स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि हमेशा विश्व शांति, सहयोग और न्याय के लिए आवाज उठाई है। डॉ. चौहान शनिवार को सिरसा में एक निजी स्कूल में आयोजित मॉडल संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। डॉ. चौहान ने कहा कि भारत ने संयुक्त राष्ट्र संघ की स्थापना से लेकर आज तक एक जिम्मेदार और सक्रिय सदस्य की भूमिका निभाई है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मॉडल यूएन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि वैश्विक जिम्मेदारी का प्रशिक्षण है, जिससे युवाओं में नीति-निर्माण, संवाद और सहमति की संस्कृति विकसित होती है। डॉ. चौहान ने कहा कि भारत की युवा पीढ़ी में नेतृत्व, संवेदनशीलता और संवाद की क्षमता है, जो नए युग के विश्व-निर्माण की दिशा तय करेगी। इस मौके पर डॉ. चौहान ने भारत सरकार के पंचायती राज, शिक्षा एवं जनजातीय मामलों के मंत्रालयों की संयुक्त पहल मॉडल युवा ग्राम सभा की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी। इस कार्यक्रम के तहत जवाहर नवोदय विद्यालयों और एकलव्य विद्यालयों में विद्यार्थियों को ग्राम सभा के वास्तविक स्वरूप में भागीदारी का अवसर दिया जा रहा है। देशभर में यह आयोजन पहली बार हो रहा है।

विद्यालय की प्राचार्य रमा दहिया ने बताया कि दो दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में दो सौ से अधिक विद्यार्थी विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। कार्यक्रम का एक आकर्षक दृश्य तब बना जब आज सभी प्रतिभागी भारतीय परिधानों में सजकर पहुंचे, जिससे पूरे परिसर में भारतीय संस्कृति और एकता की झलक दिखाई दी। इस अवसर पर राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य शत्रुजीत सिंह शेखावत ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *