सिरसा: लाखाें की हेरोइन सहित अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार

सिरसा, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । स्थानीय पुलिस ने ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन के शुरुआती चरण में ही नशा तस्करों पर शिकंजा करते हुए सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र से एक अंतराज्यीय नशा तस्कर को करीब 62 लाख रुपये की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। डबवाली के उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कपिल अहलावत ने मंगलवार को प्रेसवार्ता के दौरान इसका खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी अजय कुमार पंजाब का रहने वाला है और उसके खिलाफ लुधियाना में लड़ाई-झगड़े व जान से मारने की धमकी देने के अभियोग दर्ज हैं।
डीएसपी कपिल अहलावत ने बताया कि सीआईए डबवाली में तैनात सहायक उप निरीक्षक प्रीतम सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त के दौरान भारतमाला रोड क्षेत्र में मौजूद थे। सूत्रों से गुप्त सूचना मिली कि लुधियाना पंजाब निवासी अजय उर्फ अजादी नशा तस्करी का काम करता हैं और आज भी नशा तस्करी की फिराक में है। पुलिस टीम सूचना के अनुसार बताए गए स्थान गांव मांगेआना में कालांवाली रोड़ पर स्थित नर्सरी के पास पहुंची तो सडक़ किनारे एक लडक़ा खड़ा दिखाई दिया जो पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे दबोच लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे सें 311.48 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 62 लाख रुपये बताई जा रही है।
आरोपी के खिलाफ सदर थाना डबवाली में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उसके खिलाफ लुधियाना में कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी लुधियाना में फोटो स्टूडियो की दुकान चलाता है। आरोपी हेरोइन पंजाब से लेकर आया था और डबवाली व सिरसा क्षेत्र में सप्लाई करने वाला था। डीएसपी ने बताया कि ऑपरेशन ट्रेक डाउन में डबवाली पुलिस द्वारा क्षेत्र में नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 31 अभियोग दर्ज कर 49 नशा तस्करों की जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया है और एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत का नशा बरामद किया गया है। ऑपरेशन हॉट स्पॉट डामिनेशन के दौरान यह कार्रवाई और प्रभावी तरीके से की जाएगी तथा नशे का काला कारोबार करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma



