Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

सिरसा: पुलिस ने पकड़ी 11 करोड़ की प्रतिबंधित नशीली गोलियां, आरोपी गिरफ्तार

प्रतिबंधित नशीली गोलियों के साथ पकड़ा गया आरोपी।

सिरसा, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । स्थानीय पुलिस ने सिरसा जिले के खुईयां मलकाना टोल प्लाजा क्षेत्र से कार सवार व्यक्ति को करीब दो लाख 95 हजार प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई प्रतिबंधित गोलियों की बाजारी कीमत करीब 11 करोड़ रुपये आंकी गई है।

सीआईए डबवाली प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजपाल ने रविवार को बताया कि पुलिस टीम गांव सावतखेड़ा बस अड्डा पर मौजूद थी। इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि कुलदीप उर्फ काला निवासी खोखर कार में भारी मात्रा में प्रतिबंधित गोलियां लेकर रोहतक से सिरसा-डबवाली होते हुए पंजाब की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर टीम द्वारा खुइयां मलकाना टोल प्लाजा पर नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद सिरसा की ओर से एक कार आती दिखाई दी। कार चालक को रूकने का इशारा करने पर उसने कार को वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने शक के आधार पर कार चालक को काबू कर डीएसपी कपिल अहलावत की मौजूदगी में तलाशी ली तो कार की डिग्गी में छह गत्ता कार्टून रख हुए थे जिनमें से करीब दो लाख 95 हजार प्रतिबंधित नशीली गोलियां मिली। बरामद की गई गोलियों की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ रुपए आंकी गई है। आरोपी की पहचान कुलदीप उर्फ काला पुत्र पारस राम निवासी खोखर जिला मुक्तसर साहिब पंजाब के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि बरामद गोलियों व कार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना सदर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ डबवाली पुलिस की कार्रवाई पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी और नशे के धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *