Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

सिरसा पुलिस ने मध्य प्रदेश से पकड़े पांच साइबर ठग

पकड़े गए साइबर ठग।

सिरसा, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । स्थानीय पुलिस ने साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मध्यप्रदेश क्षेत्र से गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सिरसा जिले के गांव खुइया मलकाना निवासी सोनू राम पुत्र दलबीर सिंह से करीब साढ़े दस लाख रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। डबवाली साइबर क्राइम शाखा प्रभारी बलजीत सिंह ने सोमवार को बताया कि आरोपियों की पहचान दीपक, अजय, मोहम्मद, आसिफ खान व संजय नामदेव निवासी जिला उज्जैन मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।

शाखा प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि सोनू राम ने पुलिस को शिकायत दी कि उसे टेलीग्राफ ऐप पर पार्ट टाइम जॉब करने और टास्क पूरा करने का संदेश मिला। उसने आरोपियों द्वारा भेजे गए लिंक पर अपना अकाउंट बना दिया। शुरूआत में साइबर ठगों द्वारा उसे टास्क पूरे करने को कहा जो उसने पूरे कर दिए। साइबर ठग ने कहा कि बैंक खाता लिंक करने से भुगतान सीधे खाते में आएगा। पीडि़त ने ठगों की बातों पर विश्वास करते हुए अपनी पत्नी का बैंक खाता लिंक कर दिया। टास्क पूरा करने पर शुरूआती दौर में उसे कुछ पैसे प्राप्त हुए। ठगों के झांसे में आकर उसने लाखों रुपये लगा दिए, लेकिन कुछ समय बाद वेबसाइट बंद हो गई। आरोपियों ने उसे करीब साढ़े दस लाख रुपये की चपत लगा दी।

शाखा प्रभारी ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में ठगी की बात कबूल की है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर इस मामले की जानकारी जुटाई जाएगी और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाकर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि साइबर ठगों के झांसे में न आएं। इसके लिए पुलिस द्वारा सेमिनारों व नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से आमजन को साइबर धोखाधड़ी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ओटीपी व बैंक खाता की डिटेल साझा न करें । सोशल मीडिया पर टास्क और इन्वेस्टमेंट के नाम पर बनाए गए फर्जी ग्रुप से दूर रहें और ज्यादा मुनाफे के चक्कर में अपनी मेहनत की जमा पूंजी न गवाएं।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *