Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

सिरसा: सामूहिक प्रयास और दृढ़ इच्छाशक्ति से युवा पीढ़ी को नशे से बचाएं: एसपी

क्षेत्र के सरपंच एसपी को स्मृति चिह्न भेंट करते।

सिरसा, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि नशे पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए नई पीढ़ी को अच्छे संस्कार देने होंगेें तभी हम नशा मुक्त समाज की कल्पना कर सकते हैं। नशा हमारे समाज में गंभीर चिंता का विषय है, इसलिए इसको जड़ मूल से समाप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अग्रणीय भूमिका निभानी होगी। एसपी दीपक सहारण मंगलवार को सिरसा जिले के गांव मतुवाला के राजकीय माध्यमिक स्कूल में नशा मुक्ति पर आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रहे थे।

एसपी ने कहा कि नशे के शिकार लोगों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए हमें हर संभव प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों पर निगरानी रखकर और उचित परामर्श के माध्यम से उन्हें सही दिशा की ओर अग्रसर कर सकते हैं। विद्यार्थियों पर शिक्षकों का बहुत प्रभाव होता है, इसलिए वे भी बच्चों की चेतना जागृत करके उन्हें नशे की बुराइयों के प्रति सचेत करें। उन्होंने बताया कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस के माध्यम से कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा एक जहर है और इस जहर से अपने बच्चों को बचाने के लिए हम सबको आगे आकर नशा तस्करों के खिलाफ अपनी आवाज को बुलंद करना होगा। नशा तस्करों की सूचना निसंकोच होकर पुलिस प्रशासन को दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। इस अवसर पर स्कूली बच्चों व कलाकारों ने नाटक के माध्यम से नशे पर करारी चोट की।

एसपी ने कहा कि सिरसा पुलिस द्वारा नशे खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में सभी ग्राम पंचायतें, सामाजिक संस्थाएं युवा क्लब अपनी अग्रणीय भूमिका निभाएं ताकि युवा पथ भ्रष्ट होकर नशे की ओर अग्रसर ना हो सके। इस अवसर रानियां थाना प्रभारी के अलावा करीब 25 गांवों के सरपंच, सरपंच प्रतिनिधि अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *