लखनऊ में 49 किलो गांजा संग तस्कर गिरफ्तार

लखनऊ, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में पुलिस व एंटी नारकोटिक्स टीम की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार देररात रायबरेली से लखनऊ लाई जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ी गई। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
उपनिरीक्षक अनुज कुमार तिवारी ने मंगलवार को बताया कि तस्कर की पहचान रायबरेली के पूरे जिगना देव निवासी अनिकेत मौर्या के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कार से 49 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह कार से गांजा की तस्करी करता है। रात काे वह गांजा लेकर कार से लखनऊ की ओर जा रहा था, तभी निगोहां–नगराम रोड पर घेराबंदी कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
उपनिरीक्षक ने बताया कि तस्कर के पास से बरामद गांजा रायबरेली से लाया जा रहा था, जिसे लखनऊ में खपाने की योजना थी। आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, तस्करी के लिए गांजा उपलब्ध कराने वाले सरगना की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / Harsh Gautam



