Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

भारत–बांग्लादेश सीमा पर तीन कराेड़ के सोने के बिस्कुटाें के साथ तस्कर गिरफ्तार

बरामद सोना

नदिया, 03 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारत–बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के जवानों ने नदिया जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए करोड़ों के सोने की तस्करी की कोशिश नाकाम कर दी। 32वीं वाहिनी की सीमाचौकी तुंगी के जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बांग्लादेशी तस्कर को गिरफ्तार किया, जो जलकुंभी की आड़ में अवैध सोना भारत में प्रवेश कराने की कोशिश कर रहा था।

बीएसएफ के अनुसार, जब्त किए गए सोने के 20 बिस्कुटों का कुल वजन 2354.73 ग्राम है, जिनकी अनुमानित कीमत 3,05,99,716 रुपये बताई गई है।

घटना 02 दिसंबर की दोपहर की है, जब सीमा चौकी तुंगी को जानकारी मिली कि बांग्लादेशी तस्कर जलमार्ग से सोना भारत में भेजने की कोशिश कर सकते हैं। सूचना मिलते ही जवानों को हाई अलर्ट पर रखा गया और सीमावर्ती इलाकों में घात लगा दी गई।

शाम लगभग पांच बजे, दो संदिग्ध व्यक्ति जलकुंभी की ओट में झील के रास्ते भारतीय सीमा की ओर बढ़ते दिखाई दिए। जवानों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस कार्रवाई में एक तस्कर को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

तलाशी में जलकुंभी के बीच छिपाए गए कुछ पैकेट मिले, जिनके अंदर से सोने के बिस्कुट बरामद हुए। पकड़े गए तस्कर को पूछताछ के लिए तुंगी चौकी लाया गया, जहां उसने स्वीकार किया कि वह बांग्लादेश का निवासी है और लंबे समय से सीमा पर तस्करी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल है। उसने बताया कि यह सोना भारत में किसी अन्य व्यक्ति को सौंपा जाना था, जिसके बदले उसे भुगतान किया जाना था।

बीएसएफ ने तस्कर और बरामद सोने को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों के हवाले कर दिया है।

बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के जनसंपर्क अधिकारी उपमहानिरीक्षक नीलोत्पल पाण्डेय ने जवानों की सतर्कता की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीएसएफ के जवान सीमा पर होने वाली हर अवैध गतिविधि को रोकने में सक्षम हैं और लगातार अपनी प्रतिबद्धता साबित कर रहे हैं।

उन्होंने सीमावर्ती इलाकों के लोगों से अपील की कि सोने की तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी बीएसएफ सीमा साथी हेल्पलाइन 14419 या व्हाट्सएप नंबर 9903472227 पर साझा करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विश्वसनीय सूचना देने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा और उनकी पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *