श्रीमद्भागवत महापुराण में जीवन की हर समस्या का समाधान-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला मैदान में 15 से 21 दिसम्बर तक आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होकर कथा का श्रवण किया। उन्होंने श्रीमद्भागवत महापुराण का पूजन कर उपस्थित संतों-महंतों का आर्शीवाद प्राप्त किया।
शर्मा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म हमें जीवन जीने की पद्धति सिखाता है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत महापुराण ऐसा पवित्र ग्रंथ है जिसमें जीवन की हर समस्या व प्रश्न का समाधान विद्यमान है और श्रीमद्भागवत कथा जैसे आयोजन भावी पीढ़ी में संस्कारों का संचार करते हैं। इसके श्रवण मात्र से ही जीवन के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषि, मुनियों और महंतों ने हमारी प्राचीन परंपरा और संस्कृति का संरक्षण और पोषण किया है। उन्होंने कहा कि पौष के पावन माह में श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से विशेष पुण्य प्राप्त होता है।
इस अवसर पर कथावाचक देवकीनन्दन ठाकुर, काले हनुमान मंदिर के महंत गोपालदास महाराज सहित अन्य संत, महंत, कथा आयोजन समिति के पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran)



