Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

बस में बैठकर अमले के साथ पहुंचे एसपी,  पार्किंग व्यवस्था पर रहा खास फोकस

बस में बैठकर अमले के साथ पहुंचे एसपी,  पार्किंग व्यवस्था पर रहा खास फोकस

उज्जैन, 13 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पुलिस ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने शनिवार को समीक्षा बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संभावित सिंहस्थ क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था का मैदानी निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि ईंधन बचत और नागरिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी एक ही बस से निरीक्षण के लिए रवाना हुए।

प्रदीप शर्मा ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में सिहंस्थ में भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के बाद सभी अधिकारी एक ही बस मेें सवार होकर सिंहस्थ मेला क्षेत्र की प्रस्तावित पार्किंग और मार्गों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान एएसपी आलोक कुमार शर्मा, अभिजीत रंजन सहित सभी सीएसपी और डीएसपी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं की अनुमानित संख्या, वाहनों का संभावित दबाव और यातायात की सुगमता को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थलों की क्षमता का आकलन किया गया।

पैदल मार्गों की भी ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान एसपी शर्मा ने यातायात डीएसपी दिलीपसिंह परिहार से मेला क्षेत्र के प्रवेश और निकास मार्ग, वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन वाहनों के लिए अलग मार्ग और पैदल आवागमन की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान जहां-जहां सुधार की जरूरत देखी, वहां मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उद्देश्य यह था कि प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान जाम या अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

लोगों के बीच रही चर्चा

मैदानी निरीक्षण के दौरान एसपी, एएसपी, सीएसपी, डीएसपी और थाना प्रभारी एक ही बस से निरीक्षण पर निकलना चर्चा का विषय रहा। लोगों ने एक ही बस में एसपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों को देखकर आश्चर्य व्यक्त किया। इस पहल से न केवल ईंधन की बचत हुई, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव भी नहीं पड़ा। साथ ही आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।

—————

(Udaipur Kiran) / ललित ज्‍वेल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *