Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

नववर्ष पर गणेश व गोविंद देव जी मंदिरों में भीड़ को देखते हुए की गई विशेष यातायात व्यवस्था

नववर्ष पर गणेश व गोविंद देव जी मंदिरों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए की गई विशेष यातायात व्यवस्था

जयपुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नववर्ष पर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों मोती डूंगरी गणेश जी मंदिर एवं श्री गोविंद देव जी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए जयपुर पुलिस एवं यातायात विभाग द्वारा विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था प्रातः 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक प्रभावी रहेगी, ताकि यातायात का संचालन सुगम एवं व्यवस्थित रूप से किया जा सके।

पुलिस उपायुक्त यातायात सुमित मेहरड़ा के अनुसार टोंक रोड एवं भवानी सिंह रोड की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन सुबोध कॉलेज परिसर में निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े कर सकेंगे। वहीं जेएलएन मार्ग, शांति पथ एवं जवाहर नगर की ओर से आने वाले दर्शनार्थी राजस्थान यूनिवर्सिटी कैंपस में वाहन पार्क कर सकेंगे। परकोटा क्षेत्र से गोविंद मार्ग, रामनिवास बाग की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए धर्म सिंह सर्किल से मोती डूंगरी रोड होते हुए पुलिस मेमोरियल से पहले जेएलएन मार्ग की सर्विस लेन में एक लाइन में पार्किंग की अनुमति दी गई है।

आरोग्य पथ से गांधी सर्किल तक, पृथ्वीराज टी-पॉइंट से रामबाग चौराहे तक, त्रिमूर्ति सर्किल से राजा पार्क चौराहे तक गोविंद मार्ग पर तथा रामबाग चौराहे, जेडीए चौराहे से तुलसी सर्किल तक वाहनों की पार्किंग पूर्णतः निषेध रहेगी। इसके अतिरिक्त त्रिमूर्ति सर्किल से जेडीए चौराहे तक, आरबीआई से गणेश मंदिर के बीच तथा धर्म सिंह सर्किल से गणेश मंदिर की ओर वाहनों का आगमन प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकतानुसार यातायात को समांतर मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

भारी यातायात दबाव की स्थिति में नारायण सिंह सर्किल, गांधी सर्किल, रामबाग चौराहा, पृथ्वीराज टी-पॉइंट, पोलो सर्कल सहित प्रमुख चौराहों से यातायात को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा। बसों के संचालन के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। टोंक रोड पर दबाव बढ़ने पर गोपालपुरा की ओर से आने वाली बसें लक्ष्मी मंदिर से सहकार मार्ग होते हुए संचालित की जाएंगी, जबकि विपरीत दिशा की बसों को अशोक टी-पॉइंट से अशोक मार्ग की ओर भेजा जाएगा। दिल्ली रोड से सिंधी कैंप बस स्टैंड आने वाली रोडवेज बसें चंदवाजी से एक्सप्रेस हाईवे के जरिए सीकर रोड होकर बस स्टैंड तक पहुंच सकेंगी।

गोविंद देव जी मंदिर क्षेत्र में चांदपोल, न्यू गेट, अजमेरी गेट, सांगानेरी गेट, रामगंज चौपड़ एवं जोरावर सिंह गेट से परकोटे में हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालु अपने वाहन सौगंध स्टेडियम, जलेबी चौक सब्जी मंडी, जनता मार्केट, जेडीए की भूमिगत पार्किंग तथा रामनिवास बाग में पार्क कर सकेंगे। मंदिर सेवादारों के लिए ग्लोब ट्रांसपोर्ट कंपनी के सामने निर्धारित पार्किंग रहेगी। काले हनुमान जी मंदिर व कंवर नगर की ओर से आने वाले श्रद्धालु झूलेलाल मंदिर के पास खाली भूमि में तथा ब्रह्मपुरी की ओर से आने वाले पांडिक उद्यान के सामने वाहन पार्क कर सकेंगे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नववर्ष के अवसर पर समांतर मार्गों का अधिकाधिक उपयोग करें। यातायात नियमों का पालन करें और सहयोग कर शहर में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में योगदान दें।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *