Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

तेज रफ्तार कार ने पुलिस कांस्टेबल को कुचला

तेज रफ्तार कार ने पुलिस कांस्टेबल को कुचला

जयपुर, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जयपुर ग्रामीण जिले के रायसर थाना इलाके में दौसा–मनोहरपुर हाईवे पर शनिवार देर रात काे एक तेज रफ्तार कार ने पुलिस कांस्टेबल को कुचल दिया। हादसे में कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक कार सहित फरार हो गया। पुलिस ने रविवार सुबह निम्स हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

थानाधिकारी हेमराज सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अजबपुरा गांव निवासी राहुल बुनकर (28) के रूप में हुई है। राहुल उदयपुर जिले में गोगुंदा उपखंड अधिकारी के पीएसओ के रूप में तैनात था और तीन दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था।

पुलिस के अनुसार राहुल रात को खाना खाने के बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में बन रहे अपने नए मकान पर सोने के लिए पैदल जा रहा था। इसी दौरान घर से कुछ ही दूरी पर दौसा–मनोहरपुर हाईवे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से सड़क पर गिरे राहुल को कार चालक रौंदता हुआ मौके से फरार हो गया।

राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन गंभीर रूप से घायल राहुल को निम्स हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल कार का रजिस्ट्रेशन नंबर उत्तर प्रदेश का है। जिसे नीमराणा क्षेत्र में ट्रेस किया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। राहुल के परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी और दो साल का बेटा है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *