Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राज्य सरकार अरावली पर्वतमाला के संरक्षण के लिए संकल्पित- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

झालावाड़/जयपुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारे देश की आधी आबादी महिलाओं के सशक्तीकरण से ही देश का विकास संभव है। महिला हमारे परिवार का आधार है और राष्ट्र निर्माण की सच्ची शिल्पकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में महिला शक्ति अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और हमारी सरकार भी महिला उत्थान के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार अरावली पर्वतमाला के संरक्षण के लिए संकल्पित है। इस पर्वतमाला में किसी भी तरह की छेड़खानी नहीं होने दी जाएगी।

शर्मा सोमवार को राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में झालावाड़ के दुधालिया में आयोजित महिला सशक्तीकरण सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरा रानी पद्मिनी, रानी कर्णावती, हाड़ी रानी जैसी वीरांगनाओं की धरा है। इनके शौर्य एवं पराक्रम से राजस्थान वीरभूमि बना। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के गौरवशाली 2 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हम प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जाकर गरीब, युवा, महिला और किसान सहित हर वर्ग से संवाद कर रहे हैं। आज का यह कार्यक्रम एक सम्मेलन नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान का उत्सव है।

शर्मा ने बारां-झालावाड़ के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल के लिए 100 हैंडपंप, 50 ट्यूबवेल और 25 किलोमीटर पाइपलाइन से संबंधित कार्यों की घोषणा की। उन्होंने डग चौमहला क्षेत्र में छोटी कालीसिंध नदी पर बांध बनाने के लिये डीपीआर शीघ्र तैयार करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि डग में स्थित पशु अनुसंधान केन्द्र में स्वदेशी गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी। इस केंद्र में मालवी और गिर गौवंश सहित अन्य स्थानीय नस्लों के संरक्षण, उन्नयन एवं सुधार के कार्य होने के साथ ही आधुनिक डेयरी, प्रजनन, कृत्रिम गर्भाधान आदि अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस परियोजना पर लगभग 15 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। वे केवल घर ही नहीं संभालती, बल्कि देश-प्रदेश को सशक्त करने में भी अपना अमूल्य योगदान दे रही हैं। विशेष तौर पर ग्रामीण महिलाएं अपने सीमित संसाधनों में भी परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ी को संवारने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खुरपी और दरांती से काम करने वाली महिलाओं के हाथ में आज टैबलेट और लैपटॉप आ गया है। साथ ही, स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही है तथा सामाजिक बदलाव की अग्रदूत भी बन रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार ने पूरे प्रदेश में महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक कदम उठाए हैं। प्रदेश में 19 लाख 45 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर 12 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाई गईं। 10 लाख 51 हजार साइकिलें और 39 हजार 586 स्कूटियां छात्राओं को देकर बालिका शिक्षा को गति दी। साथ ही, राज्य सरकार 1 करोड़ 22 लाख महिलाओं एवं बालिकाओं को हर माह निःशुल्क सैनेटरी नैपकिन उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत देय राशि को बढ़ाकर 6 हजार 500 रुपये किया है। इसमें लगभग 10 लाख गर्भवती महिलाओं को लाभ मिला है। इसी प्रकार मा वाउचर योजना में 2 लाख 26 हजार महिलाओं को लाभ मिला है। राज्य में 500 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का गठन कर उनका प्रभावी संचालन किया जा रहा है। साथ ही, हमने प्रदेश में कानून व्यवस्था चाक-चौबंद की है, जिससे अपराध में उल्लेखनीय कमी आई है।

शर्मा ने कहा कि हमने पिछले दो साल में झालावाड़ के विकास को गति प्रदान करने के लिए लगभग 1 हजार 900 करोड़ रुपये की लागत के 52 हजार से अधिक कार्य करवाए हैं। जिले में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लगभग ढाई हजार करोड़ रुपये की राशि डीबीटी की गई है। उन्होंने कहा कि परवन वृहद् बहुद्देशीय सिंचाई परियोजना के बांध एवं टनल निर्माण, मनोहरथाना वृहद सिंचाई परियोजना के लिए 1 हजार 900 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति सहित अनेक विकास कार्य जिले में करवाए गए हैं। इसी तरह डग विधानसभा में भी सड़क, विद्युत, बुनियादी ढांचा, चिकित्सा, शिक्षा सहित प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना के तहत प्रदेशभर की 78 लाख महिला लाभार्थियों के खातों में 187 करोड़ 59 लाख और लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 18 हजार लाभार्थियों के खातों में 2500-2500 रूपए की प्रथम किश्त की राशि हस्तांतरित की। श्री शर्मा ने राजीविका के दो स्वयं सहायता समूहों को 18 करोड़ 13 लाख ऋण के चैक वितरित किए। श्री शर्मा ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के 259.60 करोड़ रुपये के 43 कार्यों का शिलान्यास एवं 115.74 करोड़ रुपये के 6 कार्यों का लोकार्पण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने दुधालिया गांव में महिलाओं द्वारा संचालित गौशाला, बायोगैस प्लांट एवं मियावाकी उद्यान का लोकार्पण किया। उन्होंने गोवर्धन गैस प्लांट का अवलोकन किया और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी स्थल पर पांच दिव्यांग जनों को स्कूटी एवं दस स्कूली बालिकाओं को साइकिल वितरित की।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *