Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

घुमाने मासूम को हरिद्वार छोड़ गया सोतेला बाप, पुलिस ने किया रेस्क्यू

रेस्क्यू किया गया बालक

हरिद्वार, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । 10 दिन से भिखारियों के बीच रहकर भीख मांग रहे दिल्ली के एक मासूम को हरिद्वार पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने रेस्क्यू किया है। आश्चर्य की बात यह है कि बच्चे का सौतेला पिता उसे घुमाने के बहाने हरिद्वार लाकर छोड़ गया था।

हरिद्वार के गंगा घाट क्षेत्र में पुलिस व एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त टीम की ओर से विशेष सत्यापन व गुमशुदा तलाश अभियान के दौरान सुभाष घाट के पास सर्दी से ठिठुरते, भूख से व्याकुल एक 8 वर्ष के मासूम बालक को रेस्क्यू किया गया।

पुलिस अधीक्षक नगर अभय प्रताप सिंह के अनुसार पूछताछ में बालक ने अपना नाम गणेश पुत्र स्वर्गीय सुमित कुमार (8), निवासी पहाड़गंज, दिल्ली बताया।

बालक ने बताया कि लगभग 10 दिन पूर्व उसका सौतेला पिता संतोष उसे घुमाने के बहाने हरिद्वार लाया था और मोती बाज़ार के पास खरीदारी का बहाना बनाकर उसे छोड़कर चला गया और वापस नहीं आया। मासूम बालक ने अपने सौतेले पिता का लंबे समय तक उसी स्थान पर इंतजार किया,परंतु भूख और लाचारी के चलते उसे भिखारियों को मिलने वाले भोजन एवं कंबलों के सहारे उनके साथ बैठना पड़ा।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रितेश शाह के निर्देश पर बालक को मेडिकल परीक्षण के उपरांत बाल कल्याण समिति हरिद्वार के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां आवश्यक विधिक कार्यवाही उपरांत बालक को खुला आश्रय गृह, कनखल में सुरक्षित संरक्षण दिलाया गया।

कोतवाल रितेश शाह के अनुसार बालक के परिजनों की तलाश प्रारंभ कर दी गई है।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *