Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
BUSINESS

मुहूर्त ट्रेडिंग में शेयर बाजार को मामूली बढ़त, मुनाफावसूली के दबाव में आए सेंसेक्स और निफ्टी

मुहूर्त ट्रेडिंग में मजबूत शुरुआत के बाद मुनाफावसूली के दबाव में आए सेंसेक्स और निफ्टी

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दिवाली के दिन होने वाली परंपरागत मुहूर्त ट्रेडिंग में घरेलू शेयर बाजार लगातार आठवें साल बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। आज शेयर बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की थी। हालांकि कारोबार शुरू करने के कुछ देर बाद ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी कुछ समय के लिए लाल निशान में भी गिर गए। इसके बाद आखिरी वक्त में हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त हासिल करके बंद होने में सफल रहे। मुहूर्त ट्रेडिंग के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.07 प्रतिशत और निफ्टी 0.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए। आपको बता दें कि 2018 से ही मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान शेयर बाजार लगातार मजबूती के साथ बंद होता रहा है।

मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर को छोड़ कर शेष सभी सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। मेटल, मीडिया, पावर, टेलीकॉम और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों में आज लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह आईटी, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.91 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान एनएसई में 2,740 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,127 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 613 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 17 शेयर बढ़त के साथ और 13 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 29 शेयर हरे निशान में और 21 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 121.30 अंक की मजबूती के साथ 84,484.67 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद थोड़ी देर में ही ये सूचकांक 302.07 अंक की तेजी के साथ 84,665.44 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण मुहूर्त ट्रेडिंग खत्म होने के थोड़ी देर पहले ये सूचकांक 76.97 अंक की कमजोरी के साथ 84,286.40 अंक तक गिर गया। इस गिरावट के बाद खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया, जिसकी वजह से सेंसेक्स निचले स्तर से करीब 140 अंक की रिकवरी करके 62.97 की बढ़त के साथ 84,426.34 अंक के स्तर पर बंद होने में सफल रहा।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 58.05 अंक उछल कर 25,901.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी देर में ही ये सूचकांक 91.20 अंक की बढ़त के साथ 25,934.35 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले ये सूचकांक 17.35 अंक की कमजोरी के साथ 25,825.80 अंक तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे निफ्टी निचले स्तर से 40 अंक से अधिक की रिकवरी करके 25.45 अंक की मजबूती के साथ 25,868.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

मुहूर्त ट्रेडिंग के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से सिप्ला 1.49 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.37 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 0.92 प्रतिशत, इंफोसिस 0.79 प्रतिशत और जेएसडब्ल्यू स्टील 0.64 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, कोटक महिंद्रा 0.76 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 0.63 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.60 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 0.46 प्रतिशत और एशियन पेंट्स 0.45 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

—————

(Udaipur Kiran) / योगिता पाठक

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *