Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

हल्दिया के सुताहाटा में बैटरीचालित ऑटो चलाने पर रोक, दो ड्राइवरों ने मांगी इच्छामृत्यु

हल्दिया के सुताहाटा के दोनों टोटो चालक

पूर्व मेदिनीपुर, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

हल्दिया के सुताहाटा क्षेत्र में दो स्थानीय ऑटो चालकों द्वारा बैटरीचालित गाड़ी चलाने की अनुमति न मिलने के विरोध में इच्छामृत्यु की मांग करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो यूनियन के दबाव में उन्हें सड़क पर उतरने नहीं दिया जा रहा, जिससे उनकी आय रुक गई है और बैंक का ऋण चुकाना भी असंभव हो गया है।

ऑटो चालक तापस घोष और रज्जाक अली का कहना है कि वे वर्षों से इसी रूट पर ऑटो चलाते रहे हैं। अधिक खर्च के कारण उन्होंने अपनी पुरानी गाड़ियां बेचकर बैंक ऋण लेकर बैटरीचालित कारें खरीदीं। लेकिन उनका आरोप है कि यूनियन के कुछ सदस्य, जो तृणमूल समर्थित बताए जा रहे हैं, उन्हें इन बैटरीचालित वाहनों को रूट पर चलाने नहीं दे रहे।

तापस घोष ने कहा,

मैं पहले इसी रूट पर ऑटो चलाता था। अब यूनियन का एक समूह बैटरी से चलने वाली कार चलाने नहीं दे रहा। मुझे सड़क पर गाड़ी चलाने पर पीटा गया। ऋण कैसे चुकाऊँ? परिवार कैसे चलेगा? ऐसे में मेरे पास मरने के अलावा विकल्प क्या है?

रज्जाक अली ने भी आरोप लगाया कि यूनियन ने स्पष्ट कह दिया है कि बैटरीचालित कारें इस रूट पर नहीं चलेंगी। शिकायत लेकर पुलिस स्टेशन जाने पर भी कोई समाधान नहीं निकला।

उधर, सुताहाटा–दुर्गाचक ऑटो यूनियन के सचिव शेख आबेद अली ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि यह वाहन “बैटरी कार” है, न ऑटो है और न टोटो। उन्होंने तर्क दिया,

हमारे इस रूट पर सीएनजी टोटो चलते हैं। अगर दो बैटरी कारें उतरीं, तो बाकी 18 लोग भी अनुमति चाहेंगे। यात्री बैटरी वाहन में जाना पसंद करेंगे और इससे हमारे चालक बेरोजगार हो जाएंगे।

आबेद अली ने सुझाव दिया कि इन बैटरी वाहनों को ऐसे रूट पर चलने दिया जाए, जहां सीएनजी टोटो नहीं चलते। उन्होंने किसी भी प्रकार की मारपीट से साफ इंकार किया।

इस विवाद ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। बीजेपी नेता आनंदमय अधिकारी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर सत्ताधारी पार्टी के संरक्षण में “दादागिरी” बढ़ गई है।

इसके जवाब में तृणमूल नेता श्यामल माइती ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है और वे इसकी जांच करेंगे।

मंगलवार शाम पुलिस से संपर्क करने पर पुलिस ने बताया कि ऐसी शिकायत मिली है पुलिस मामले की जांच कर रही है। इलाके में तनाव बना हुआ है।

—————

(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *