सामर्थ्य शरीर से नहीं, संकल्प से जन्म लेती है : रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को ‘दिव्यांग जनों के दिव्य अटल’ कार्यक्रम में प्रतिभाशाली साथियों से मुलाकात की। यह कार्यक्रम दिलशाह गार्डन के राजीव गांधी अस्पताल/सर्वोदय सेवा कुष्ठ आश्रम के ऑडिटोरियम में हुआ।
मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा कि दिव्यांगों की बातों में ठहराव था, उस ठहराव में दृढ़ संकल्प और हर कदम में आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता। यह बताता है कि सामर्थ्य शरीर से नहीं, संकल्प से जन्म लेता है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का विचार भी यही था। वे मानते थे कि दिव्यांगजन समाज की करुणा नहीं, उसकी चेतना और उसकी शक्ति हैं। उनका सपना था ऐसा भारत, जहां हर व्यक्ति सम्मान के साथ अपनी क्षमता को पहचान सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उसी अटल दृष्टि को आगे बढ़ाते हुए सरकार दिव्यांगजनों के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और सुलभ सार्वजनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में निरंतर काम कर रही है, ताकि आत्मनिर्भरता केवल शब्द न रहे, जीवन का सत्य बने। उन्होंने कहा कि हमारे ये प्रयास अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प हैं, जहां हर प्रतिभा को अवसर मिले और हर नागरिक राष्ट्रनिर्माण में सहभागी बने।
————
(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव



