Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

नववर्ष की पूर्व संध्या पर जयपुर में सख्त ट्रैफिक पहरा: शराब पीकर वाहन चलाने पर हाेगी कड़ी कार्रवाई

जयपुर वेटरन्स ऑनर्स रन मैराथन को लेकर जयपुर शहर में किया गया ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

जयपुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नववर्ष की पूर्व संध्या 31 दिसंबर 2025 को जयपुर शहर में होटल, रेस्टोरेंट, क्लब, फार्म हाउस एवं अन्य स्थानों पर रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से नए साल के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। इस अवसर पर बढ़ते यातायात दबाव एवं संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जयपुर यातायात पुलिस ने सख्त सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।

पुलिस उपायुक्त यातायात सुमित मेहरड़ा के अनुसार नववर्ष संध्या पर विशेष रूप से युवाओं द्वारा शराब का सेवन करने के पश्चात तेज गति, लापरवाही से वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे न केवल वाहन चालक स्वयं दुर्घटना का शिकार होते हैं बल्कि अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है और सामान्य यातायात व्यवस्था बाधित होती है। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष ब्रेथ एनालाइजर चेकिंग टीमें तैनात की जाएंगी।

शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने के लिए परिवहन विभाग को भी पत्र भेजा जाएगा। गंभीर मामलों में राजस्थान पुलिस अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जा सकती है। इसके साथ ही यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कोई भी वाहन चालक वाहन की पिछली डिक्की खुली रखकर उसमें सवारी बैठाकर या तेज आवाज में स्टीरियो बजाते हुए वाहन नहीं चलाए, अन्यथा उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी।

यातायात पुलिस ने नववर्ष संध्या कार्यक्रमों के आयोजकों से अपील की है कि वे अपने परिसरों में आने वाले वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही सुनिश्चित कराएं, ताकि सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। शहर में यातायात का अत्यधिक दबाव होने की स्थिति में भारी वाहनों का प्रवेश आवश्यकता अनुसार रात्रि 2 बजे तक रोका जा सकता है। इसके अलावा, गौरव टावर एवं आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर वन-वे व्यवस्था भी लागू की जा सकती है।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नववर्ष का स्वागत जिम्मेदारी के साथ करें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाकर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *