Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
BUSINESS

स्टॉक मार्केट में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी की मजबूत एंट्री, मुनाफे में आईपीओ निवेशक

प्रतीकात्मक चित्र

नई दिल्ली, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में सबसे अधिक स्कीम मैनेज करने का दावा करने वाली एसेट मैनेजमेंट कंपनी आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में मजबूत एंट्री करके अपने आईपीओ निवेशकों को खुश कर दिया।

आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 2,165 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई पर इसकी लिस्टिंग करीब 20 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 2,606.20 रुपये के स्तर पर और एनएसई पर 2,600 रुपये के स्तर पर हुई। लिस्टिंग के बाद लिवाली के सपोर्ट से ये शेयर उछल कर 2,663.40 रुपये के स्तर तक पहुंचा। हालांकि इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इसकी चाल में थोड़ी गिरावट आ गई। सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद कंपनी के शेयर 2,577 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। इस तरह अभी तक के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशकों को 19.03 प्रतिशत का मुनाफा हो चुका है।

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी का 10,602.65 करोड़ रुपये का आईपीओ 12 से 16 दिसंबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 39.17 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 123.87 गुना सब्सक्राइब हुआ था। वहीं नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 22.04 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसी तरह रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 2.53 गुना और शेयर होल्डर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 9.75 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

इस आईपीओ के तहत कोई नया शेयर नहीं जारी हुआ है, बल्कि ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिये 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 4,89,72,994 शेयरों की बिक्री हुई है। ऑफर फॉर सेल होने की वजह से आईपीओ का पैसा कंपनी को नहीं मिला है, बल्कि शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर प्रूडेंशियल कॉरपोरेशन होल्डिंग्स लिमिटेड को मिला है।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 1,515.78 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 2,049.73 करोड़ रुपये और 2024-25 में उछल कर 2,650.66 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की कुल आय 32 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ कर 4,979.67 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गई।

मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें तो पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2025 की अवधि में कंपनी को 1,617.74 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका है। इसी तरह इस अवधि में कंपनी को 2,949.61 करोड़ रुपये की कुल आय हासिल हो चुकी है। पहली छमाही के बाद यानी सितंबर 2025 के आखिरी में कंपनी के रिजर्व और सरप्लस अकाउंट में 3,903.91 करोड़ रुपये पड़े हुए थे।

—————

(Udaipur Kiran) / योगिता पाठक

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *