Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
BUSINESS

पाजसोन एग्रो इंडिया की स्टॉक मार्केट में मजबूत शुरुआत, शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद लगा अपर सर्किट

प्रतीकात्मक चित्र

नई दिल्ली, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । काजू की प्रोसेसिंग कंपनी पाजसोन एग्रो इंडिया के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 118 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग 5.08 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 124 रुपये के स्तर पर हुई। हालांकि लिस्टिंग के तुरंत बाद मुनाफा वसूली के कारण ये शेयर गिर कर 120.05 रुपये के स्तर पर आ गया। कुछ देर तक दबाव में कारोबार करने के बाद लिवाली शुरू हो जाने के कारण कंपनी के शेयर उछल कर 130.20 रुपये के अपर सर्किट लेवल पर पहुंच गए और इसी स्तर पर बंद हुए। इस तरह पहले दिन के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशकों को 10.34 प्रतिशत का फायदा हो गया।

पाजसोन एग्रो इंडिया का 74.45 करोड़ रुपये का आईपीओ 11 से 15 दिसंबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर एवरेज रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 6.50 गुना सब्सक्राइब हो सका था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 10.92 गुना सब्सक्राइब हुआ था। वहीं नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 6.86 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसी तरह रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 3.85 गुना सब्सक्राइब हो सका था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 63,09,600 नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के जरिये जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी आंध्र प्रदेश के विजयानगरम में काजू की दूसरी प्रोसेसिंग फैसिलिटी का कैपिटल एक्सपेंडिचर करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 2 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 3.35 करोड़ रुपये और 2024-25 में उछल कर 20.42 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की कुल आय 36 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ कर 187.28 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गई।

मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें तो पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2025 की अवधि में कंपनी को 14.20 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हो चुका है। इसी तरह इस अवधि में कंपनी को 118.37 करोड़ रुपये की कुल आय मिल चुकी है। सितंबर 2025 के आखिरी में कंपनी पर 40.04 करोड़ रुपये का कुल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस खाते में कंपनी के पास 40.90 करोड़ रुपये पड़े थे।

—————

(Udaipur Kiran) / योगिता पाठक

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *