Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

मेसी कार्यक्रम अव्यवस्था पर शुभेंदु अधिकारी का बड़ा आरोप, दो मंत्रियों की गिरफ्तारी की मांग

भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने युवभारती क्रीड़ांगन में हुए लियोनेल मेसी कार्यक्रम की अव्यवस्था को लेकर तृणमूल कांग्रेस के दो मंत्रियों अरूप बिस्वास और सुजीत बोस की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। अधिकारी का आरोप है कि इस अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल आयोजन में भारी अव्यवस्था हुई, जिससे राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा।

अधिकारी करीब 30 भाजपा विधायकों के साथ बिना पूर्व सूचना के स्टेडियम पहुंचे और नुकसान का जायजा लेने की कोशिश की। हालांकि, स्टेडियम के गेट बंद होने के कारण उन्हें मैदान में प्रवेश नहीं मिल सका। इसके बाद उन्होंने स्टेडियम के पास स्थित बिधाननगर पुलिस आयुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और इस मामले में गिरफ्तार किए गए छह दर्शकों की तत्काल रिहाई की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मेसी कार्यक्रम के टिकटों की बिक्री में बड़ा घोटाला हुआ और इससे सैकड़ों करोड़ रुपये की अवैध कमाई की गई, जो तृणमूल कांग्रेस को मंत्रियों के जरिए मिली। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान मंत्री और उनके परिजन फुटबॉल सितारों के साथ सेल्फी लेने में व्यस्त रहे, जिससे आम दर्शकों को मेसी की एक झलक तक नहीं मिल सकी और हालात बेकाबू हो गए।

शुभेंदु अधिकारी ने यह भी मांग की कि जिन दर्शकों ने महंगे टिकट खरीदे, लेकिन कार्यक्रम का लाभ नहीं मिला, उन्हें तुरंत टिकट की पूरी रकम वापस की जाए। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने दो अन्य वकीलों के साथ कलकत्ता उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है, जिसमें राज्य सरकार के अधिकारियों से मुक्त एक स्वतंत्र जांच समिति गठित करने की मांग की गई है। इस याचिका पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुजय पाल की पीठ में गुरुवार को सुनवाई होने की संभावना है।

भाजपा नेताओं ने स्टेडियम परिसर के भीतर रखी बिना बिके पानी और पेय पदार्थों की बोतलों की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया कि प्रतिबंधित सामान अंदर ले जाने की अनुमति देने के बदले विक्रेताओं से करीब 30 लाख रुपये की अवैध वसूली की गई। प्रदर्शन के दौरान शुभेंदु अधिकारी को पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते भी देखा गया।

उन्होंने कहा कि इस मामले में गिरफ्तार फुटबॉल प्रशंसकों को कानूनी मदद दी जाएगी और उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द कराने के लिए पार्टी अदालत का रुख करेगी। इससे पहले दिन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने प्रेस वार्ता कर कहा कि यह न्याय का मजाक है कि जिन लोगों ने महंगे टिकट खरीदकर ठगा गए, उन्हीं को गिरफ्तार किया गया।

तृणमूल कांग्रेस की ओर से आरोपों का जवाब देते हुए पार्टी प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी को सड़क पर नाटक करने के बजाय विधानसभा के भीतर यह मुद्दा उठाना चाहिए। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि यदि अधिकारी व्यवस्था सुधारने को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें सारधा और नारदा मामलों की भी स्वतंत्र जांच की मांग करनी चाहिए।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *