
मंडी, 09 दिसंबर (Udaipur Kiran) . राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि बीते तीन साल में प्रदेश की कांग्रेस सरकार Chief Minister सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व प्रदेश में दो बार आई प्राकृतिक आपदा और भाजपा के द्वारा लाई गई राजनैतिक आपदा से सफलतापूर्वक निपटी है. मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा धनबल, ईडी और सीबीआई के माध्यम से लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को गिराने की भरसक कोशिश की.
उन्होंने कहा कि भाजपा ने देशव्यापी यह अभियान चलाया है. हिमाचल में भी कांग्रेस के नौ विधायक भाजपा में चले गए थे, लेकिन प्रदेश की जनता ने उन्हें नकार दिया और कांग्रेस की सरकार को मजबूती प्रदान की. जगत सिंह नेगी ने कहा कि आगामी 11 दिसंबर को प्रदेश सरकार अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में जनसंकल्प सम्मेलन का आयेाजन करने जा रहे हैं.
मंडी में ही इस सम्मेलन के आयोजन को लेकर भाजपा के सवालों का जवाब देते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि मंडी में सबसे ज्यादा त्रासदी हुई है, वहीं पास लगते कुल्लू जिला के बंजार में भी भारी क्षति हुई है. इसके अलावा कांगड़ा, चंबा और लाहुल-स्पीति में भी आपदा से तबाही हुई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार क्षेत्रवाद की बात नहीं करती है. जबकि भाजपा वाले क्षेत्रवाइज स्कीम की मांग कर रहे हैं.
नेगी ने कहा कि हम आपदा प्रभावितों के साथ खड़े हैं. कांग्रेस की संवेदनशील सरकार ने अपने सीमित साधनों के चलते आपदा प्रभावितों को राहत प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. वहीं दूसरी ओर भाजपा की पूर्व सरकार पचहतर हजार करोड़ का कर्ज लेकर छोड़ गई थी. उन्होंने कहा कि भाजपा की डब्बल इंजन सरकार मिशन रिपीट के चक्कर में कर्ज लेकर उधारी का घी पीती रही.
राजस्व मंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में केंद्र की ओर से कोई आपदा फंड हिमाचल को नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि 2500 करोड़ में से पांच सौ करोड़ राज्य का हिस्सा था. उसी प्रकार इस वर्ष आई आपदा में छह हजार करोड़ से ज्यादा के नुक्सान का आंकलन केंद्रीय एजेंसी द्वारा किया गया.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रदेश में आकर आपदा प्रभावितों से बात करने के बाद पंद्रह सौ करोड़ का आपदा राहत पैकेज देने की घोषणा की थी. मगर उससे एक भी पैसा आज तक प्रदेश को नहीं मिला है. इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने Chief Minister सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में आपदा प्रभावितों को देश में सबसे ज्यादा राहत राशि प्रदान की है. उन्होंने कहा कि 11 दिसंबर के जनसंकल्प सम्मेलन में आपदा राहत प्रदान करने के अलावा अन्य दूसरे लाभार्थियों को राहत राशि प्रदान की जाएगी. इस दौरान जहां राज्य सरकार के तीन सालों के कार्यों का लेखाजोखा साझा किया जाएगा.
वहीं पर आने वाले दो सालों का विजन डाक्यूमेंट भी पेश किया जाएगा. उन्होंने दावा किया है कि ग्यारह दिसंबर की मंडी रैली अपने आपमें ऐतिहासिक होगी. राजस्व मंत्री ने कहा कि बिना एफआरआई-एफसीए की मंजूरी से बने सोलह हैलीपैड़ और शिकारी देवी सड़क के मामले की जांच होगी.
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के साथ अपने विवाद के सवाल पर नेगी ने कहा कि विधानसभा में सभी को अपनी बात रखने मौका मिलता है. मगर वे अपनी बात थोंपना चाहते हैं .
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
