Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

सूरमा क्लब की महिला हॉकी इंडिया लीग के खिताब पर नजर, पिछले सीजन की कसर पूरी करने उतरेगी टीम

भारतीय गोलकीपर सविता

– सविता और सलीमा टेटे एक बार फिर उप कप्तान की भूमिका में

नई दिल्ली, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के दूसरे सीजन में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब एक बार फिर खिताब की प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। उद्घाटन सत्र में पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर रहने के बावजूद फाइनल में खिताब से चूकने वाली सूरमा टीम इस बार एक कदम आगे जाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

गोलकीपिंग में सविता की मजबूती

जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब की सबसे बड़ी ताकत उसकी गोलकीपिंग यूनिट है। टीम की को-कप्तान और दिग्गज गोलकीपर सविता, जिन्होंने हाल ही में भारत के लिए 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है, एक बार फिर गोलपोस्ट की जिम्मेदारी संभालेंगी। पिछले सीजन में उन्हें ‘गोलकीपर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था। उनके साथ निती होंगी, जो भारतीय जूनियर महिला टीम की फर्स्ट चॉइस गोलकीपर हैं और हाल ही में चिली में आयोजित एफआईएच महिला जूनियर वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। सीनियर और जूनियर – दोनों भारतीय टीमों की पहली पसंद गोलकीपर का होना सूरमा के लिए बड़ी बढ़त है।

मजबूत डिफेंस लाइन

डिफेंस में ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी खिलाड़ी पेनी स्क्विब और भारत की उभरती सितारा ज्योति एक बार फिर टीम की रीढ़ होंगी। पिछले सीजन में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुनी गई ज्योति से इस बार भी बड़े प्रदर्शन की उम्मीद होगी। इस सीजन टीम में जापान की अनुभवी डिफेंडर शिहोरी ओइकावा भी शामिल हुई हैं, जिनके नाम 193 अंतरराष्ट्रीय मैच और 56 गोल दर्ज हैं। उनके साथ ज्योति छत्री भी डिफेंस को मजबूती देंगी।

मिडफील्ड में सलीमा टेटे का नेतृत्व

मिडफील्ड की कमान भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे के हाथों में होगी, जो इस सीजन भी जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब की को-कप्तान रहेंगी। उनकी ऊर्जा, नेतृत्व क्षमता और खेल की गति को नियंत्रित करने की काबिलियत टीम के लिए बेहद अहम होगी। उनका साथ देंगी वैष्णवी विट्ठल फाल्के, बलजीत कौर, अजमीना कुजूर, बिनिमा धान, हिना बानो और जूनियर खिलाड़ी निशा। इसके अलावा स्कॉटलैंड और ग्रेट ब्रिटेन के लिए 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी सारा रॉबर्टसन, उरुग्वे की विलार डेल वाये दुपुई और अर्जेंटीना की जिमेना मारिया सेड्रेस टीम को अंतरराष्ट्रीय अनुभव और धार देंगी।

आक्रमण में ग्रानाटो पर निगाहें

फॉरवर्ड लाइन में अर्जेंटीना की स्टार खिलाड़ी मारिया जोसे ग्रानाटो पर सभी की नजरें होंगी, जिन्होंने अपने सीनियर करियर में अब तक 145 गोल किए हैं। उनके साथ न्यूज़ीलैंड की 24 वर्षीय ओलिविया शैनन और भारत की युवा आक्रमण जोड़ी सोनम व मुमताज खान गोल करने की जिम्मेदारी संभालेंगी। पिछले सीजन में सोनम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा गोल करने वाली भारतीय खिलाड़ी बनने के साथ ‘अपकमिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार भी जीता था।

कोचिंग में जूड मेनेज़ेस की अहम भूमिका

टीम की कमान एक बार फिर हेड कोच जूड मेनेज़ेस के हाथों में होगी, जिनकी रणनीतिक सोच और शांत नेतृत्व ने पिछले सीजन में टीम को लगातार मजबूत प्रदर्शन दिलाया था। इस बार उनका लक्ष्य फाइनल की बाधा पार कर खिताब अपने नाम करना होगा।

ताकत:

जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब की सबसे बड़ी ताकत अनुभव और संतुलन है। गोल में सविता, डिफेंस में पेनी स्क्विब और शिहोरी ओइकावा, मिडफील्ड में सलीमा टेटे और आक्रमण में मारिया जोसे ग्रानाटो जैसी अनुभवी खिलाड़ी टीम को हर विभाग में मजबूत बनाती हैं।

कमजोरी :

टीम को पिछले सीजन की कुछ अहम विदेशी खिलाड़ियों – शार्लोट एंगेलबर्ट, सोफी लुईस हैमिल्टन और मारिया वर्शूर की कमी खल सकती है। एंगेलबर्ट लीग की संयुक्त टॉप स्कोरर थीं और उनके जाने से गोल करने की जिम्मेदारी अन्य खिलाड़ियों पर बढ़ेगी। सूरमा हॉकी क्लब अपना पहला महिला हीरो एचआईएल 2025-26 मुकाबला 29 दिसंबर 2025 को रांची में श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स के खिलाफ खेलेगी।

सूरमा हॉकी क्लब स्क्वॉड:

सविता, निती, ज्योति, ज्योति छत्री, पेनी स्क्विब (ऑस्ट्रेलिया), शिहोरी ओइकावा (जापान), सलीमा टेटे, अजमीना कुजूर, हिना बानो, निशा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, बलजीत कौर, बिनिमा धान, सारा रॉबर्टसन (ग्रेट ब्रिटेन), जिमेना मारिया सेड्रेस (अर्जेंटीना), विलार डेल वाये दुपुई (उरुग्वे), सोनम, मुमताज खान, ओलिविया शैनन (न्यूज़ीलैंड), मारिया जोसे ग्रानाटो (अर्जेंटीना)।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *