नारायणगढ़ में गृहवधू की संदिग्ध मौत, घर से मिला शव

मेदिनीपुर, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत मागुरिया गांव में शनिवार सुबह 11 बजे करीब एक गृहवधू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गृहवधू का शव घर के भीतर फंदे से लटका हुआ पाया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान मंगली रानी कुइला (45) के रूप में हुई है, जो मागुरिया गांव की निवासी थीं। पुलिस एवं पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मंगली रानी लंबे समय से मानसिक अवसाद से पीड़ित थीं। शनिवार परिजनों ने घर के भीतर उन्हें अचेत अवस्था में फंदे से लटका देखा।
परिजन तत्काल उन्हें मकरामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नारायणगढ़ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के चलते शनिवार दोपहर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता



