Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी से क्षेत्र में तनाव, मुकदमा दर्ज

फोटो

औरैया, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के थाना अयाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। वायरल वीडियो में धार्मिक संत के विरुद्ध आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणी किए जाने से लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार योगेश यादव पुत्र सुभद्र सिंह निवासी असेवटा, थाना अयाना द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास महाराज के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। यह वीडियो 15 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई।

पुलिस के अनुसार क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपनिरीक्षक द्वारा पाया गया कि वायरल वीडियो को लेकर आमजन में रोष है और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। वीडियो में आरोपी द्वारा महंत राजूदास महाराज के औरैया में प्रस्तावित मंदिर उद्घाटन समारोह के दौरान उन्हें “बचकर न निकलने देने” जैसी धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया गया है। इसके साथ ही आसपास के जनपदों के समाजवादियों से आवाहन भी किया गया है, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वायरल वीडियो को पेन ड्राइव में सुरक्षित कर थानाध्यक्ष अयाना को सौंप दिया गया। पुलिस से सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया।

इस संबंध में थाना अयाना के थानाध्यक्ष अजय कुमार ने मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।

—————

(Udaipur Kiran) कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *