
भांगड़, 17 नवम्बर (Udaipur Kiran) . दक्षिण 24 परगना के भांगड़ क्षेत्र में sunday शाम एक बार फिर गोलीबारी होने से पूरे इलाके में तनाव फैल गया. आरोप है कि रक्तदान शिविर की तैयारी को लेकर तृणमूल कांग्रेस और आईएसएफ कार्यकर्ताओं के बीच पॉलेरहाट क्षेत्र में झड़प हुई, जिसके दौरान गोलियां चलीं. स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.
जानकारी के अनुसार, 23 नवम्बर को भांगड़ के पाकापोल–छयानी क्षेत्र में आईएसएफ द्वारा एक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाना है. इसी कार्यक्रम की तैयारी के तहत sunday शाम आईएसएफ कार्यकर्ता नौशाद सिद्दीकी की तस्वीर वाला प्रवेशद्वार (गेट) बना रहे थे. इसी दौरान विवाद की शुरुआत हुई. आरोप है कि तृणमूल समर्थित कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंचकर आईएसएफ कार्यकर्ताओं पर हमला करने लगे, जिसके परिणामस्वरूप स्थिति बिगड़ गई और कथित रूप से गोलीबारी हुई.
सूचना मिलते ही पॉलेरहाट थाने से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया. वर्तमान में क्षेत्र में पुलिस पिकेट तैनात है और निगरानी बढ़ा दी गई है.
तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला ने आरोप लगाया है कि अराजकता के बीच गोली आईएसएफ कार्यकर्ताओं ने ही चलाई. वहीं, आईएसएफ का आरोप है कि उनके वाहनों में तोड़फोड़ की गई और उन पर हमला किया गया. पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपों की जांच शुरू कर दी है.
भांगड़ पहले भी कई बार राजनीतिक हिंसा और गोलीबारी का केंद्र रहा है. विधानसभा चुनाव नज़दीक आते ही क्षेत्र में बढ़ती अशांति ने स्थानीय नागरिकों की चिंता और भय को और बढ़ा दिया है.
—————
(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता
