जयपुर, 3 अक्टूबर (Udaipur Kiran News). Rajasthan में नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और झुंझुनू डीएसटी की संयुक्त टीम ने 5 करोड़ रुपये मूल्य का 1014 किलोग्राम गांजा जब्त कर तस्करों के नेटवर्क की कमर तोड़ दी है.

ADG दिनेश एम. एन. के नेतृत्व में चल रहे इस विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत तस्करों पर अब तक का सबसे बड़ा सर्जिकल स्ट्राइक किया गया. यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी.
जानकारी के अनुसार, पुलिस निरीक्षक सुभाष सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सीकर के कुख्यात तस्करों के नेटवर्क पर निगरानी रखी. सूचना मिली थी कि तस्कर ओडिशा से एक कंटेनर ट्रक (RJ 32 GA 8137) में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे हैं.
झुंझुनू के उदयपुरवाटी क्षेत्र में फिल्मी अंदाज में नाकाबंदी की गई और ट्रक को रोक लिया गया. तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि ट्रक में ड्राइवर सीट के पीछे एक गुप्त चैंबर बनाया गया था, जिसमें गांजे के 1014 किलोग्राम भरे कट्टे छिपाए गए थे.
AGTF की पैनी निगाहों से यह चालाकी नहीं बच पाई. चैंबर खुलते ही गांजे की खेप बरामद की गई. पुलिस ने मौके से सीकर के सुभाष गुर्जर और प्रमोद गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया.
यह खेप शेखावाटी क्षेत्र के दो बड़े ड्रग लॉर्ड्स राजू पचलंगी और गोकुल को पहुंचाई जानी थी. यह कार्रवाई सिर्फ एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि नशे के कारोबार की जड़ों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक मानी जा रही है.
एएसपी सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में एएसआई शंकर दयाल शर्मा, कांस्टेबल संदीप गांधी, हेड कांस्टेबल कमल सिंह और शशिकांत की तकनीकी भूमिका रही. इसके अलावा हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार, कांस्टेबल नरेश कुमार, रतिराम और सुरेश कुमार ने भी अहम भूमिका निभाई. कार्रवाई में सीओ नवलगढ़, एसएचओ उदयपुरवाटी और झुंझुनू AGTF टीम शामिल रही.