
मंदसौर, 10 दिसंबर (Udaipur Kiran) . मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के ग्राम नांदवेल शादी के 20 दिन बाद पैसे देकर लाई गई दुल्हन’ ने पूरे परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर लाखों रुपए लूट ले गई. तीन बच्चों सहित परिवार के कुल 9 सदस्य गंभीर रूप से बीमार हो गए, जिन्हें जिला चिकित्सालय मंदसौर में भर्ती कराया गया है.
बताया जा रहा है कि 20 नवंबर को नांदवेल निवासी एक परिवार दलाल के माध्यम से वाराणसी (बनारस) से लगभग ढाई लाख रुपए में दुल्हन ज्योति को लाया था और धूमधाम से शादी रचाई थी. अगले 20 दिनों तक दुल्हन ज्योति ने अपने मीठे और मिलनसार व्यवहार से पूरे परिवार का भरोसा जीत लिया.
आरोप है कि घटना वाले दिन सुबह दुल्हन ज्योति ने परिवार के सभी नौ सदस्यों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया. जैसे ही परिवार के लोग बेहोश हुए, ज्योति ने घर में रखे बड़ी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के जेवर, और अन्य कीमती सामान समेटा और मौके से फरार हो गई. बेहोशी की हालत में परिजनों को पहले भावगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय मंदसौर रेफर किया गया. परिवार में मोहनलाल पाल – पिता, गीताबाई – माता, सत्यनारायण पाल – दूल्हा, राकेश पाल – भाई, शांतिलाल पाल – भाई, पूजा बाई पाल – भाभी, लतिका – बच्ची, कर्तिका – (बच्ची), जिविका – (बच्ची) इन सभी का जिला अस्पताल में इलाज जारी है.
भावगढ़ थाना प्रभारी वर सिंह कटारा ने बताया कि दुल्हन ज्योति और उसे मध्यस्थता से लाने वाले दलाल दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर पुलिस टीम आरोपी दुल्हन की तलाश में जुट गई है.
—————
(Udaipur Kiran) / अशोक झलोया
