मप्र के गुना में लखनऊ से इंदौर जा रही बस अनियंत्रित होकर पलटी, एक यात्री की मौत और 16 घायल

बस अनियंत्रित होकर पलटी

गुना, 05 दिसम्बर (Udaipur Kiran) . Madhya Pradesh के गुना जिले के बीनागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह लखनऊ से इंदौर जा रही एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी मिलने पर कलेक्टर और एसपी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राधिका ट्रेवल्स की एक बस लखनऊ से इंदौर जा रही थी. शुक्रवार तड़के करीब 5:30 बजे बस बीनागंज इलाके में पहुंची थी. यहां अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि पलटने के बाद बस लगभग 30 मीटर तक घिसटती हुई चली गई. आसपास के गांव के लोग मौके ओर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को निकालना शुरू किया. सूचना मिलने पर बीनागंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की.

जानकारी मिलने पर गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और एसपी अंकित सोनी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली. कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि हादसे में एक यात्री की मौत हुई है और लगभग 16 लोग घायल हो गए हैं. तीन गंभीर घायलों को भोपाल रेफर किया गया है, जबकि शेष घायलों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है.

(Udaipur Kiran) तोमर

Leave a Comment