कमरे में फंदे से लटकता मिला नवविवाहिता का शव, किया था प्रेम विवाह

मोहनगंज थाने की फोटो

अमेठी, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) Uttar Pradesh के अमेठी जिले के कोतवाली मोहनगंज क्षेत्र के ग्राम कमवापुर मजरे नसरतपुर में बीती रात एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

जानकारी के अनुसार कमवापुर निवासी सियाराम शर्मा की पुत्री ममता (20) ने कुछ माह पूर्व अपने ही गांव के निवासी संदीप वर्मा से लव मैरिज की थी. दोनों ने कोर्ट मैरिज कर परिवार की रजामंदी के बिना पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे. शादी के बाद ममता अपनी ससुराल में रह रही थी. परिजनों के मुताबिक बीती रात ममता छत पर बने टीनशेड कमरे में गई थी. देर रात जब काफी समय तक वह कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजनों ने ऊपर जाकर देखा, जहां ममता का साड़ी के सहारे फांसी पर लटका शव मिला. घटना देखकर परिजन दहशत में आ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी. मोहनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

मोहनगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि लड़की पक्ष की ओर से अभी तक कोई शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण की पुष्टि की जा सकेगी. रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. परिजन ममता की मौत से व्यथित हैं और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.

—————

(Udaipur Kiran) / लोकेश त्रिपाठी

Leave a Comment