कटरा, जम्मू (Udaipur Kiran). जम्मू के कटरा स्थित वैष्णो देवी धाम के पास मंगलवार को अर्धकुमारी क्षेत्र में हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 30 हो गया है. एसएसपी रियासी परमवीर सिंह ने बुधवार सुबह इसकी पुष्टि की. मृतकों में अधिकतर श्रद्धालु शामिल हैं. राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है.

रेस्क्यू और यात्रा स्थगित
मंगलवार देर रात तक सात मौतें सामने आई थीं, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मृतकों की संख्या बढ़ गई. खराब मौसम के कारण वैष्णो देवी यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है. प्रशासन, पुलिस, NDRF, SDRF और सेना मिलकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रही है. अब तक 3500 से ज्यादा श्रद्धालुओं को रेस्क्यू किया जा चुका है.
बारिश से बिगड़े हालात, ट्रेनों पर असर
जम्मू शहर में 24 घंटे में 250mm से ज्यादा बारिश हुई, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए. कई पुल, सड़कें और रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हैं. नॉर्दर्न रेलवे ने जम्मू-कटरा से चलने वाली व यहां रुकने वाली 22 ट्रेनों को रद्द और 27 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया है. हालांकि, कटरा-श्रीनगर रेल सेवा जारी है.
बादल फटने व बाढ़ से अन्य नुकसान
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भी बादल फटने से कई जगह अचानक बाढ़ आ गई. इसमें 10-15 घर बह गए. जम्मू में तवी नदी पर बने पुल के पास सड़क धंस गई, जिसमें कई गाड़ियां गिर गईं. पुलिस और प्रशासन रेस्क्यू में जुटा है.
स्कूल, कॉलेज, एयरपोर्ट बंद
तीन दिन से लगातार रुक-रुककर बारिश जारी है, जिससे जम्मू-श्रीनगर और अन्य नेशनल हाईवे बंद हैं. बुधवार को सभी स्कूल, कॉलेज, सरकारी दफ्तर और जम्मू एयरपोर्ट भी बंद कर दिए गए हैं.