Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

वर्ष के अंत में ठंड का असर तेज, नए साल में पड़ेगी कड़ाके की सर्दी

कोलकाता

कोलकाता, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

साल के आखिरी दिनों में ठंड ने अपना पूरा जोर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर से चल रही सर्द हवाओं ने सुबह और रात के समय कंपकंपी बढ़ा दी है। जब लोग नए साल के जश्न की तैयारियों में जुटे हैं, उसी बीच मौसम को लेकर अहम संकेत सामने आए हैं। अलीपुर मौसम विभाग की ओर से सोमवार सुबह जारी बयान के अनुसार फिलहाल राज्य में ठंड का असर बना रहेगा, लेकिन नए साल की शुरुआत के साथ मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।

कोलकाता में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। लगातार दो दिन 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के बाद शहर का न्यूनतम तापमान फिर बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को भी शहर का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार तक ठंड का असर इसी तरह बना रहेगा। हालांकि बुधवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। साल के अंत या नए साल की शुरुआत में तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़ने की संभावना जताई गई है। सुबह के समय हल्की से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा। कोलकाता में मौसम कुल मिलाकर शुष्क रहने का अनुमान है और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं बताई गई है।

दक्षिण बंगाल के जिलों में भी ठंड का असर बना रहेगा। बांकुड़ा, पुरुलिया और बीरभूम जैसे पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान नौ से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। वहीं तटीय इलाकों में तापमान 13 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 31 दिसंबर के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

उत्तर बंगाल के जिलों में ठंड के साथ घना कोहरा परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर तक दार्जिलिंग, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो सकती है, जिससे सड़क परिवहन प्रभावित होने की आशंका है। कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में भी कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *