वुमेंस लीग: क्रिकेट क्लब ऑफ देहरादून और एरोन क्रिकेट एकेडमी के बीच होगा फाइनल

देहरादून, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित देहरादून डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग (महिला वर्ग) का फाइनल मुकाबला अब क्रिकेट क्लब ऑफ देहरादून और एरोन क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला जाएगा। दूसरे सेमीफाइनल में क्रिकेट क्लब ऑफ देहरादून ने चाहत क्रिकेट क्लब को 62 रनों से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। इससे पहले पहले सेमीफाइनल में एरोन क्रिकेट एकेडमी ने धैर्य क्रिकेट एकेडमी को 67 रनों से हराकर फाइनल में जगह पक्की की थी।
एसजीआरआर बिंदाल ग्राउंड-2 पर मंगलवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिकेट क्लब ऑफ देहरादून की टीम 38.3 ओवर में 146 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से तनीशा खत्री ने शानदार नाबाद 61 रन बनाए, जबकि याशिका ने 20 और अनुष्का आर्य ने 16 रनों का योगदान दिया। चाहत क्रिकेट क्लब की गेंदबाजी में रोशनी राज ने 4 और वैष्णवी काला ने 3 विकेट झटके।
146 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चाहत क्रिकेट क्लब की टीम 36.5 ओवर में 84 रनों पर सिमट गई। वैष्णवी काला ने सर्वाधिक 25 और ईशा चौधरी ने 15 रन बनाए। क्रिकेट क्लब ऑफ देहरादून की ओर से तन्वी ने 3 विकेट लिए, जबकि धारा रावत और वैष्णवी को दो-दो सफलताएं मिलीं। रुचिका चौहान और याशिका ने एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
अब लीग का फाइनल मुकाबला क्रिकेट क्लब ऑफ देहरादून और एरोन क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला जाएगा, जिसमें खिताब के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिलने की उम्मीद है।
—————–
(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय



