Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WORLD

स्लोवाक प्रधानमंत्री फिको पर हमला करने वाले को 21 साल की सजा

बांस्का बिस्त्रिका (स्लोवाकिया), 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । स्लोवाकिया की एक अदालत ने मंगलवार को प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको पर गोली चलाने वाले आरोपित जुराज सिंटुला को आतंकवाद का दोषी करार देते हुए 21 साल की जेल की सजा सुनाई। 72 वर्षीय सिंटुला ने मई 2024 में हंडलोवा शहर में फिको पर करीब एक मीटर की दूरी से पांच गोलियां चलाई थीं, जिनमें चार फिको को लगीं। फिको को पेट, कूल्हे, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई थीं।

अदालत में सिंटुला ने माना कि उसने गोली चलाई, लेकिन उसका उद्देश्य फिको को मारना नहीं, बल्कि उनकी नीतियों को रोकना था। उसने अदालत के बाहर कहा कि वह फैसले के खिलाफ अपील करेगा, क्योंकि यह “अन्यायपूर्ण” है।

इस हमले ने स्लोवाक समाज में गहरी राजनीतिक विभाजन रेखा उजागर कर दी। फिको ने अपने विरोधियों पर “नफरत फैलाने” का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी बयानबाजी भविष्य में और हिंसा को जन्म दे सकती है।

फिको 2023 में सत्ता में लौटे थे और उन्होंने यूक्रेन को सैन्य सहायता समाप्त करने, मीडिया सुधार और आपराधिक कानून में बदलाव जैसे विवादास्पद फैसले लिए थे। अदालत ने कहा कि सिंटुला ने किसी आम नागरिक पर नहीं, बल्कि देश के प्रधानमंत्री पर हमला किया, इसलिए यह आतंकवाद का मामला है।

——————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *